फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुरपतवंत पन्नू मामला: अमेरिकी सरकार की कोर्ट से मांग- आरोपी निखिल गुप्ता को मिले 24 साल जेल; सजा का एलान कब?

Sun, 15 Nov 2026 11:21 PM IST
निर्मल कांत पीटीआई, न्यूयॉर्क।

सार

अमेरिका ने खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता के लिए 24 साल जेल की मांग की है। निखिल गुप्ता के वकील ने अदालत ने क्या अनुरोध किया है, अदालत कब फैसला सुनाएगी? पढ़िए इस रिपोर्ट में। 
विज्ञापन
निखिल गुप्ता - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिका की सरकार ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 24 साल जेल की सजा देने की मांग की है। गुप्ता पर अमेरिका की जमीन पर खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है।
विज्ञापन


55 साल के निखिल गुप्ता ने इस साल की शुरुआत में अपने ऊपर लगे आरोप स्वीकार कर लिए थे। इनमें सुपारी देकर हत्या कराने, हत्या की साजिश रचने और धनशोधन की साजिश के आरोप शामिल हैं। यह मामला न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या की कोशिश से जुड़ा है।

गुप्ता को 20 नवंबर को सजा सुनाई जाएगी। हालांकि, उनके वकीलों ने कम सजा देने की मांग की है। उन्होंने 12 साल जेल और उसके बाद तीन साल निगरानी में रिहा रखने का अनुरोध किया है। पन्नू के पास अमेरिका और कनाडा, दोनों देशों की नागरिकता है।
विज्ञापन


अमेरिकी सरकार ने 24 साल की सजा की मांग क्यों की?
अमेरिकी अटॉर्नी जेम्स मैकडोनाल्ड ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले की अमेरिकी जिला अदालत में 20 पन्नों का आवेदन दिया। यह आवेदन जिला जज विक्टर मारेरो के सामने पेश किया गया। इसमें मैकडोनाल्ड ने कहा कि गुप्ता का व्यवहार जितना क्रूर था, उतना ही दुस्साहस भरा भी था।

अमेरिकी सरकार ने कहा, वह अमेरिकी जमीन पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की साजिश में अहम भागीदार था। अदालत को ऐसी सजा देनी चाहिए, जो अपराध की गंभीरता को दिखाए। साथ ही यह संदेश दे कि इस देश में लोगों की आवाज को हिंसा के जरिये दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इन कारणों और ऊपर बताए गए सभी कारणों से सरकार सम्मानपूर्वक अदालत से 293 महीने की जेल की सजा देने का अनुरोध करती है। 

293 महीने यानी करीब 24 साल और 5 महीने होते हैं। सरकार ने कहा कि गुप्ता और उसके साथियों ने एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की योजना बनाई थी। इनमें कम से कम एक भारतीय सरकारी कर्मचारी भी शामिल था। यह साजिश पीड़ित की राजनीतिक विचारधारा के कारण रची गई थी।

ये भी पढ़ें: चुनाव में हार के बाद एशिया दौरे पर क्यों आ रहे ट्रंप?: पुतिन-जिनपिंग से करेंगे मुलाकात; घरेलू चुनौतियां बढ़ीं

सरकार ने इसे बेहद गंभीर अपराध बताया। उसने कहा कि इसके लिए उतनी ही गंभीर सजा मिलनी चाहिए। सरकार के मुताबिक, अमेरिकी सजा दिशानिर्देशों के तहत 235 से 293 महीने की जेल का प्रावधान है। इसलिए इस दायरे की सबसे ऊंची सजा देना जरूरी है।

निखिल गुप्ता के वकीलों ने क्या कहा?
निखिल गुप्ता ने अपने सजा संबंधी आवेदन में अदालत से कम सजा देने की मांग की है। उनके वकीलों ने बताया कि परिवीक्षा (प्रोबेशन) विभाग ने सजा के दिशानिर्देशों के तहत 235 से 293 महीने की जेल की सिफारिश की थी। लेकिन विभाग ने इसमें बड़ी कटौती करने की सलाह दी। उसने 144 महीने यानी 12 साल की जेल और उसके बाद तीन साल निगरानी में रिहा रखने की सिफारिश की।

गुप्ता के वकीलों ने कहा, हम सजा के दिशानिर्देशों के तहत तय अवधि में बड़ी कटौती करने की परिवीक्षा विभाग की मांग का समर्थन करते हैं। वकीलों के मुताबिक, यह सिफारिश गुप्ता से बातचीत करने वाले अधिकारी के सोच-समझकर किए गए आकलन पर आधारित है। उस अधिकारी ने जांच से जुड़े सभी दस्तावेज देखे थे। उसने सजा तय करने के कानूनी पहलुओं पर भी विचार किया था।

वकीलों ने कहा कि गुप्ता का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है। अपराध के समय वह शराब की ऐसी लत से जूझ रहे थे, जिसका इलाज नहीं हुआ था। उन्होंने यह भी कहा कि 55 साल के व्यक्ति के लिए लंबी जेल की सजा अपने आप में बड़ी सजा होगी।

वकीलों ने अपराध की गंभीरता पर क्या कहा?
गुप्ता के वकीलों ने माना कि उन्होंने जो किया, वह गंभीर अपराध था। उन्होंने कहा, उन्होंने किसी दूसरे व्यक्ति की हत्या का इंतजाम करने पर सहमति दी थी। इस व्यवहार के लिए उन्हें जेल की सजा मिलनी चाहिए। लेकिन अदालत की ओर से दी जाने वाली सजा इतनी ही होनी चाहिए, जितनी जरूरी है। इससे ज्यादा नहीं। सजा का उद्देश्य भी इसी आरोपी के मामले में पूरा होना चाहिए। 

वकीलों ने कहा कि गुप्ता ने गंभीर अपराध स्वीकार किया है। वह अपने किए को कम करके नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने अदालत से कहा कि गुप्ता को उनके पूरे जीवन और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर सजा दी जानी चाहिए। उनका पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।

गुप्ता के वकीलों ने साजिश में दबाव की बात क्यों कही?
अभियोग पत्र, अदालत के दूसरे दस्तावेजों और सुनवाई के दौरान दिए गए बयानों के मुताबिक, साल 2023 के आसपास निखिल गुप्ता ने भारत और दूसरे देशों में मौजूद कुछ लोगों के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की योजना बनाई थी। इसमें सह-आरोपी विकास यादव भी शामिल था। गुप्ता के वकीलों ने कहा कि विकास यादव के दबाव में उन्होंने यह काम किया था। गुप्ता को लगता था कि यादव के पीछे भारतीय सरकारी तंत्र की ताकत है।

वकीलों के मुताबिक, उस समय गुप्ता शराब की लत से जूझ रहे थे। इसका उनके फैसले लेने की क्षमता पर भी असर पड़ा था। उन्होंने कहा कि जिस रकम के आधार पर गुप्ता पर तीन आरोप लगाए गए हैं, उससे उन्हें कोई फायदा नहीं मिलने वाला था। वकीलों ने बताया कि गुप्ता तीन साल से ज्यादा समय जेल में बिता चुके हैं। पहले उन्हें चेक गणराज्य में रखा गया था। इसके बाद उन्हें मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा गया। वकीलों ने कहा कि उनके परिवार और समुदाय के लोग उनका साथ देने के लिए तैयार हैं। वे दोबारा जीवन शुरू करने में उनकी मदद करेंगे।

अदालत को लिखे पत्र में निखिल गुप्ता ने क्या कहा?
निखिल गुप्ता ने अदालत को एक पत्र भी लिखा है। इसमें उन्होंने अपने किए पर पछतावा जताया। उन्होंने लिखा, काश, मैं समय को पीछे ले जाकर साल 2023 में पहुंच पाता और अपनी गलतियों को सुधार पाता। जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं, तो मुझे खुद भी समझ नहीं आता कि मैं कैसा इंसान बन गया था। 

पत्र में गुप्ता ने बताया कि साल 2023 की शुरुआत में वह अपने परिवार से दूर होने लगे थे। वह लगभग हर रात बहुत ज्यादा शराब पीने लगे थे। उन्होंने अपने परिवार और आसपास के लोगों को हुई तकलीफ पर अफसोस जताया। 
विज्ञापन


गुप्ता ने लिखा, मैंने अपने परिवार और आसपास के लोगों को जो तकलीफ पहुंचाई, उसका मुझे बहुत पछतावा है। उन्होंने अदालत से कहा कि उन्हें इस बात का बहुत शुक्र है कि उनके काम से किसी की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ। उन्होंने कहा, अगर ऐसा हुआ होता, तो यह मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा पछतावा होता।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें