अमेरिका में एक बार फिर सरकारी शटडाउन का खतरा मंडराने लगा है। सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी ने गुरुवार को होमलैंड सिक्योरिटी और अन्य एजेंसियों के लिए फंडिंग बिल को आगे बढ़ने से रोक दिया। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आव्रजन कार्रवाई को लेकर राजनीतिक टकराव चरम पर है। जहां कुछ रिपब्लिकन सीनेटर अस्थायी समाधान के पक्ष में हैं, वहीं डेमोक्रेट्स अपनी मांगों पर अडिग हैं। वर्मांट के सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने तो यहां तक कह दिया कि जब तक आईसीई में सुधार नहीं होता, एक भी डॉलर नहीं दिया जाना चाहिए।
हम शटडाउन नहीं चाहते- ट्रंप
वोटिंग से ठीक पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि प्रशासन और डेमोक्रेट्स के बीच बातचीत जारी है। उन्होंने संकेत दिया कि होमलैंड सिक्योरिटी फंडिंग को अलग कर अल्पकालिक रूप से पास किया जा सकता है, ताकि बातचीत के लिए समय मिल सके। हालांकि, रिपब्लिकन पार्टी इस पर पूरी तरह सहमत नहीं दिख रही। हाउस रिपब्लिकन्स पहले ही साफ कर चुके हैं कि वे होमलैंड सिक्योरिटी फंडिंग हटाने के किसी भी प्रस्ताव का समर्थन नहीं करेंगे।