कुवैत में सैन्य अभियान के दौरान बड़ी चूक सामने आई जब कुवैती एयर डिफेंस सिस्टम ने गलती से अमेरिका के तीन एफ-15ई लड़ाकू विमानों को मार गिराया। सेंटकॉम के अनुसार सभी छह एयरक्रू सुरक्षित बचा लिए गए हैं और उनकी हालत स्थिर है। घटना को फ्रेंडली फायर माना जा रहा है। अमेरिका और कुवैत ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव के बीच एक बड़ी सैन्य चूक सामने आई है। अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड यानी सेंटकॉम ने पुष्टि की है कि कुवैत में अमेरिका के तीन एफ-15ई स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमान गलती से कुवैती एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा मार गिराए गए। यह घटना रविवार को सैन्य अभियान के दौरान हुई। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी विमान चालक सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे और उनकी जान बच गई।
विज्ञापन
सेंटकॉम के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब क्षेत्र में सक्रिय सैन्य अभियान चल रहा था और सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर थे। इसी दौरान कुवैत की वायु रक्षा प्रणाली ने अमेरिकी लड़ाकू विमानों को गलती से दुश्मन समझ लिया और उन पर कार्रवाई कर दी। सैन्य बयान में कहा गया कि सभी छह एयरक्रू ने समय रहते इजेक्ट किया और बाद में उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया गया। सभी की हालत स्थिर बताई गई है।
घटना को कुवैत ने भी स्वीकार किया
कुवैत सरकार और रक्षा बलों ने इस घटना को स्वीकार किया है। अमेरिकी सेना ने कुवैती रक्षा बलों के सहयोग और बचाव अभियान के लिए आभार भी जताया। बयान में कहा गया कि संयुक्त सैन्य अभियान के दौरान दोनों देशों की सेनाएं लगातार समन्वय में काम कर रही हैं। घटना के बाद सुरक्षा प्रक्रियाओं की समीक्षा शुरू कर दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न हो।
जांच शुरू, कारणों की तलाश जारी
सेंटकॉम ने स्पष्ट किया कि इस पूरी घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर इसे फ्रेंडली फायर यानी अपने ही सहयोगी बलों की गलती से हुई कार्रवाई माना जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि पहचान प्रणाली या संचार में कहां चूक हुई, जिसके कारण एयर डिफेंस सिस्टम ने अपने सहयोगी विमानों को निशाना बना लिया।
तनावपूर्ण माहौल में बढ़ी चिंता
विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव और लगातार हमलों के खतरे के कारण रक्षा प्रणालियां बेहद सतर्क स्थिति में काम कर रही हैं। ऐसे माहौल में पहचान संबंधी छोटी गलती भी बड़े हादसे में बदल सकती है। अमेरिकी सेना ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद अतिरिक्त जानकारी सार्वजनिक की जाएगी और संचालन प्रक्रियाओं को और मजबूत किया जाएगा।