अमेरिका के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के कम से कम 600 कर्मचारियों को स्थायी तौर पर नौकरी से निकाले जाने का नोटिस मिला है। ये नोटिस हाल ही में एक अदालत के फैसले के बाद आया है, जिसमें सीडीसी के कुछ कर्मचारियों को तो छंटनी से बचा लिया गया, लेकिन बाकी को नहीं।
सीडीसी में काम करने वाले 2,000 से ज्यादा कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाली यूनियन अमेरिकन फेडरेशन ऑफ गवर्नमेंट एम्प्लॉइज (AFGE) का कहना है कि ये नोटिस इसी हफ्ते जारी हुए हैं, लेकिन अभी सभी तक नहीं पहुंचे हैं।
HSS ने छंटनी के बारे में नहीं दी जानकारी
अमेरिकी स्वास्थ्य एवं मानव सेवा विभाग (HHS) ने बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को छंटनी पर कोई नई जानकारी नहीं दी। उन्होंने सिर्फ मार्च में जारी एक बयान का हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि कर्मचारियों की संख्या घटाने का मकसद स्वास्थ्य एजेंसियों को ज्यादा जिम्मेदार और असरदार बनाना है।
ये भी पढ़ें: Epstein Case: अमेरिकी कोर्ट ने ठुकराई न्याय विभाग की मांग, ग्रैंड जूरी दस्तावेज सार्वजनिक करने से किया इनकार
छंटनी में हिंसा रोकथाम क्षेत्र में कार्यरत 100 कर्मचारी शामिल
एएफजीई के मुताबिक, उन्हें कम से कम 600 सीडीसी कर्मचारियों की छंटनी की जानकारी है। यूनियन का कहना है कि HHS की ओर से पारदर्शिता की कमी के कारण उन्हें अब तक आधिकारिक लिस्ट नहीं मिली कि आखिर किन-किन को हटाया जा रहा है। इस छंटनी में हिंसा रोकथाम क्षेत्र में कार्यरत करीब 100 कर्मचारी शामिल हैं। कुछ कर्मचारियों ने बताया कि ये छंटनी सीडीसी परिसर में एक व्यक्ति द्वारा कम से कम 180 गोलियां चलाकर एक पुलिस अधिकारी की हत्या के दो हफ्ते से भी कम समय बाद हुई है। कर्मचारियों का कहना है कि यह बहुत विडंबनापूर्ण है कि हिंसा रोकने के विशेषज्ञों की ही नौकरियां खत्म कर दी गईं।
HHS ने हजारों कर्मचारियों को छंटनी के नोटिस भेजे थे
1 अप्रैल को HHS अधिकारियों ने CDC और अन्य स्वास्थ्य एजेंसियों के हजारों कर्मचारियों को छंटनी नोटिस भेजे थे। इसका मकसद एजेंसियों की संख्या कम करना और उनका पुनर्गठन करना बताया गया था। मुकदमों के चलते कई कर्मचारी तब से प्रशासनिक अवकाश पर हैं। मतलब उन्हें वेतन तो मिलता है, लेकिन वे काम नहीं कर सकते।
अदालत ने कर्मचारियों को प्रदान की थी सुरक्षा
पिछले हफ्ते रोड आइलैंड के एक संघीय न्यायाधीश ने एक प्रारंभिक फैसला सुनाया, जिसमें सीडीसी के कई हिस्सों के कर्मचारियों को सुरक्षा प्रदान की गई। इनमें धूम्रपान, प्रजनन स्वास्थ्य, पर्यावरणीय स्वास्थ्य, कार्यस्थल सुरक्षा, जन्म दोष और यौन संचारित रोगों से निपटने वाले समूह शामिल थे। लेकिन इस फैसले से सीडीसी के अन्य कर्मचारियों को सुरक्षा नहीं मिली, जिनमें सूचना की स्वतंत्रता कार्यालय और अन्य विभाग शामिल हैं। वहां अब छंटनी पूरी तरह लागू हो गई है और सोमवार से प्रभावी मानी गई है।
ये भी पढ़ें: US: राष्ट्रीय खुफिया विभाग के कर्मचारियों पर लटकी तलवार, 40% की होगी छंटनी; सालाना बजट भी 70 करोड़ डॉलर घटेगा
छंटनी में बच्चों के खिलाफ हिंसा पर नजर रखने में मदद करने वाले भी शामिल
प्रभावित परियोजनाओं में दुष्कर्म, बाल शोषण और किशोरों के साथ डेटिंग के दौरान होने वाली हिंसा को रोकने से संबंधित कार्य शामिल हैं। कुछ वे कर्मचारी भी निकाले गए हैं, जो अन्य देशों को बच्चों के खिलाफ हिंसा पर नजर रखने में मदद कर रहे थे। इसी प्रयास की वजह से पिछले साल नवंबर में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन हुआ था, जहां हिंसा कम करने के लिए वैश्विक लक्ष्य तय किए गए थे। सीडीसी के हिंसा निवारण विभाग में वैज्ञानिक कार्यक्रमों के सेवानिवृत्त वरिष्ठ निदेशक टॉम साइमन ने कहा, 'ये वे लोग हैं, जिन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विशेषज्ञ माना जाता है, और इनकी जगह लेना असंभव है।'