ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका के कोविड-19 टीके का संयुक्त राज्य अमेरिका व दक्षिण अमेरिका में हुए परीक्षण परिणाम पुराने डाटा पर आधारित हो सकता है। यह आशंका अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारियों ने मंगलवार को जताई है।
उनका कहना है कि अगर ऐसा है तो कंपनी ने टीके के प्रभाव के बारे में अधूरी जानकारी दी है। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि वे इस बारे में जांच करेंगे।
इससे पहले सोमवार को कंपनी ने दावा किया था कि अमेरिका में करीब 32 हजार लोगों पर हुए अध्ययन केअनुसार उसका टीका 79 प्रतिशत प्रभावी है। अध्ययन में शामिल टीका लेने वाला कोई भी व्यक्ति गंभीर बीमार नहीं हुआ, न किसी को अस्पताल भर्ती करवाया गया।
अब अमेरिका के राष्ट्रीय एलर्जी व संक्रामक रोग संस्थान ने बयान दिया है कि फार्मा कंपनी ने पुरानी जानकारियों व डाटा को नए परीक्षण परिणामों में शामिल कर लिया। इससे टीके की प्रभावशीलता पर पूरी जानकारी नहीं मिलती।
संस्थान ने अमेरिका के डाटा व सुरक्षा निगरानी बोर्ड द्वारा इसे बारे में जताई चिंता का भी हवाला दिया है। साथ ही एस्ट्राजेनेका को पुख्ता व अपडेट डाटा प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।