Russia: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राजदूत स्टीव विटकॉफ ने यूक्रेन में 30-दिन के अस्थायी संघर्षविराम प्रस्ताव पर चर्चा की। पुतिन ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कई मुद्दों पर और अधिक स्पष्टीकरण की जरूरत है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी राजदूत स्टीव विटकॉफ से मुलाकात की। दोनों ने यूक्रेन युद्ध में तीस दिनों के अस्थायी संघर्षविराम के अमेरिका के प्रस्ताव पर चर्चा की। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बताया कि पुतिन ने विटकॉफ से वॉशिंगटन जाकर अपनी अपनी बात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तक पहुंचाने को कहा।
विज्ञापन
पुतिन ने इस प्रस्ताव का सैद्धांतिक रूप से समर्थन किया, लेकिन यह भी कहा कि कई सवालों पर और अधिक स्पष्टीकरण की जरूरत है। तीन साल से जारी युद्ध के चलते यूक्रेन दबाव में है औऱ वह पहले ही इस प्रस्ताव को स्वीकार कर चुका है।
विशेषज्ञों का मानना है कि रूसी सेना जंग के मैदान में बढ़त बनाए हुए है। ऐसी स्थिति में पुतिन तुरंत संघर्षविराम के लिए सहमत नहीं होंगे। रूस की सेना को उत्तर कोरिया के सैनिकों का समर्थन मिल रहा है। वे इन इलाकों से यूक्रेनी सेना को पूरी तरह से बाहर निकालने के करीब पहुंच चुके हैं। ट्रंप औऱ पुतिन के बीच फोन पर बातचीत की संभावना है, जिसमं बाकी मुद्दे सुलझाए जा सकते हैं। पेस्कोव ने इसे एक सकारात्मक संकेत बताते हुए कहा कि दोनों पक्ष इस बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।
इस बीच, अमेरिकी अधिकारी तकनीकी मुद्दों मुद्दों पर चर्चा करने वाले हैं। हालांकि, रूस और यूक्रेन की अलग-अलग मागों के चलते यह प्रक्रिया लंबी हो सकती है। ट्रंप ने पहले चौबीस घंटे में रूस-यूक्रेन युद्ध का समाधान करने की बात कही थी, लेकिन अब उन्होंने छह महीने में शांति की उम्मीद जताई है।
इस बीच, मॉस्को के मेयर ने बताया कि शुक्रवार को यूक्रेन के चार ड्रोन ने रूसी राजधानी पर हमला किया। इनमें से एक ड्रोन ने क्रेमलिन के पास एक इमारत की छत को नुकसान पहुंचाया, जबकि अन्य के टुकड़े शहर के अलग-अलग हिस्सों में गिरे। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।