अमेरिकी दूतावास ने भारत के साथ आतंक नेटवर्क को खत्म करने में जारी सहयोग को लेकर बड़ा बयान दिया है। यह बयान ऐसे समय आया है जब गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई और उसके करीबी अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से वापस लाए जाने के बाद दिल्ली की अदालत ने उसे 11 दिन की एनआईए हिरासत में भेज दिया है। दूतावास ने कहा कि दोनों देशों का साझा उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
अमरीकी दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारत की सुरक्षा एजेंसियों के साथ साझेदारी आतंक से जुड़े नेटवर्क को खत्म करने और अपराधियों को जवाबदेह ठहराने की दिशा में महत्वपूर्ण है। दूतावास ने इसे दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता बताया और कहा कि यह नागरिकों की सुरक्षा के लिए उनकी मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
एनआईए ने 11 दिन की हिरासत में लिया अनमोल बिश्नोई
अमेरिका से निर्वासन के बाद एनआईए ने अनमोल बिश्नोई को पटियाला हाउस कोर्ट में कड़ी सुरक्षा के बीच पेश किया। कोर्ट ने 15 दिन की पूछताछ की मांग पर 11 दिन की कस्टडी देते हुए एजेंसी को उसे हिरासत में लेकर जांच आगे बढ़ाने की अनुमति दी। एनआईए उसे कई मामलों में पूछताछ के लिए जरूरी बता रही है।
ये भी पढ़ें- अफगान नागरिकों पर पाकिस्तान में कार्रवाई तेज, पंजाब प्रांत ने छह हजार लोगों को वापस भेजा अफगानिस्तान
कई हाई-प्रोफाइल मामलों में था वांछित
अनमोल बिश्नोई बाबा सिद्दीकी की हत्या, सलमान खान के घर पर अप्रैल 2024 में हुई फायरिंग, पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या और अन्य कई गंभीर वारदातों में वांछित था। वह 2022 से फरार चल रहा था और नवंबर 2023 में अमेरिका में उसे हिरासत में लिया गया था।
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ाव
एनआईए के अनुसार अनमोल बिश्नोई, जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई द्वारा संचालित आतंक-गैंगस्टर सिंडिकेट का हिस्सा है। मार्च 2023 में उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी। उसे इस नेटवर्क में शामिल 19वां आरोपी बताया गया है। एजेंसी का कहना है कि वह विदेश से संचालन कर अपराधियों को निर्देश देता था।
अमेरिका-भारत सहयोग को मिला नया आयाम
अनमोल बिश्नोई की गिरफ्तारी और वापसी ने भारत-अमेरिका सुरक्षा सहयोग को और मजबूत बनाया है। दूतावास के बयान ने संकेत दिया है कि दोनों देश आगे भी आतंक और संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ मिलकर कार्रवाई करेंगे। भारत के लिए यह कार्रवाई महत्वपूर्ण है क्योंकि कई इंटरनेशनल मॉड्यूल इस गैंग से जुड़े पाए गए हैं।
अमेरिका से निर्वासित किए गए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को दिल्ली कोर्ट ने एनआईए की 11 दिन की कस्टडी में भेज दिया। इसी बीच अमरीकी दूतावास ने भारत के साथ मिलकर आतंक नेटवर्क ध्वस्त करने की साझेदारी दोहराई। अनमोल कई हाई-प्रोफाइल मामलों में वांछित था और 2022 से फरार चल रहा था। एनआईए ने उसे बिश्नोई के आतंक-गैंगस्टर सिंडिकेट का अहम हिस्सा बताया।