पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने बाइडन के नाम वापस लेने के फैसले पर कहा, बाइडन ने अपने असाधारण सेवा करियर का समापन किया है। इनके कार्यकाल में अमेरिका अभूतपूर्व महामारी के दौर से बाहर निकला है। उन्होंने कहा, लाखों नए रोजगार सृजित हुए हैं। क्षतिग्रस्त अर्थव्यवस्था दोबारा मजबूत हुई है। हमारा लोकतंत्र मजबूत हुआ है। दुनिया में अमेरिका की छवि और मजबूत हुई है। देश ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में जिस तरह का खतरा पैदा हुआ, उससे ज्यादा हमें अपने देश के लिए किसी और चीज ने चिंतित नहीं किया है।
डेमोक्रेटिक हाउस के अल्पसंख्यक नेता हकीम जेफ्रीस ने कहा, राष्ट्रपति जो बाइडन अमेरिकी इतिहास में सबसे सफल और महत्वपूर्ण नेताओं में से एक हैं। एक कार्यकाल से भी कम समय में, उन्होंने देश को सदी में एक बार होने वाली महामारी से बचाया, अर्थव्यवस्था को मंदी के कगार से वापस लाने में सफल रहे। रोजमर्रा के अमेरिकियों के लिए महत्वपूर्ण कानून बनाए। रिपब्लिकन नेता डोनाल्ड ट्रंप को देश के विरुद्ध काम करने वाला प्रमुख (Insurrectionist-in-Chief) बताकर जेफ्रीस ने कहा, बाइडन ने ऐसे नेता को हराकर देश के लोकतंत्र को बचाया। अमेरिका आज एक बेहतर जगह है क्योंकि राष्ट्रपति बाइडन ने अपने कार्यकाल में बुद्धिमत्ता, शालीनता और गरिमा के साथ नेतृत्व किया। हम हमेशा उनके आभारी रहेंगे।
बाइडन के फैसले पर अमेरिका के डेट्रॉयट में रहने वाले भारतवंशी कांग्रेसी श्री थानेदार ने कहा, आखिरकार भारतीय-अमेरिकी अब मुख्यधारा की अमेरिकी राजनीति में आ रहे हैं। भारतीय-अमेरिकी थानेदार ने कहा, हम देख रहे हैं कि भारतीय-अमेरिकी राजनीति में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं... कमला हैरिस का भारतीय-अमेरिकी मूल का होना अमेरिका में भारतीय-अमेरिकियों के लिए गर्व का क्षण है।
उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का कार्यकाल बहुत अच्छा
थानेदार ने कहा, हमारी पार्टी में बहुत से योग्य लोग हैं और यह संभव है कि किसी अन्य उम्मीदवार के बारे में कुछ चर्चा हो सकती है। लेकिन मेरा मानना है कि कमला हैरिस को राष्ट्रपति बाइडन ने नंबर दो के रूप में चुना था। यही कारण है कि अब नाम वापसी के बाद उन्होंने कमला के नाम का अनुमोदन किया है। उपराष्ट्रपति के रूप में कमला हैरिस का कार्यकाल बहुत अच्छा रहा है। मेरे कांग्रेसी सहयोगियों का एक बड़ा हिस्सा उनका समर्थन करता है...मुझे उम्मीद है कि यह एक त्वरित नामांकन प्रक्रिया होगी और कमला हैरिस को डेमोक्रेटिक पार्टी से नामित किया जाएगा।
उन्होंने कहा, 'मैं उनके फ़ैसले का सम्मान करता हूं। हालांकि, बाइडन चुनाव लड़ें, यह उनकी निजी इच्छा थी। हम नवंबर में राष्ट्रपति बाइडन के साथ चुनाव जीत सकते हैं। अभी भी चुनाव के लिए लगभग 4 महीने बचे हैं। मुझे उम्मीद है कि कमला हैरिस अगली राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार होंगी। लोग कमला हैरिस को पहले से ही जानते हैं, लोगों ने उनका काम देखा है और वे राष्ट्रपति बिडेन की एक बेहतरीन साथी रही हैं। मुझे लगता है कि लोग उनका पूरे दिल से समर्थन करेंगे।'
अमेरिकी कांग्रेस के सदस्य राजा कृष्णमूर्ति ने कहा, जो बाइडन ने आज दिखाया कि 'अमेरिका फर्स्ट' की सच्ची नीति क्या होती है। देश को खुद से ऊपर रखते हुए, राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक उम्मीदवार के रूप में उन्होंने अपने कदम पीछे खींचकर मिसाल कायम की है। राष्ट्रपति के रूप में, बाइडन ने 4 वर्षों में बहुत से राष्ट्रपतियों की तुलना में अधिक हासिल किया है... वे नेताओं की एक नई पीढ़ी को मशाल सौंप रहे हैं। उन्होंने कमला हैरिस का समर्थन किया। कमला हैरिस राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक नामांकन के लिए एक मजबूत दावेदार होंगी।'