अमेरिका के पूर्वी कन्सास में भीषण सड़क हादसा हुआ है। दो वाहनों की टक्कर के बाद गाड़ियों में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में छात्रों-शिक्षकों समेत आठ लोगों की मौत हुई है।
अमेरिका के पूर्वी कन्सास में सड़क हादसा हुआ है। दो वाहनों में टक्कर के बाद लगी आग के कारण छात्रों-शिक्षकों और स्कूल के कर्मचारी समेत 8 लोगों की मौत हो गई है। पूर्वी कंसास के ग्रामीण क्षेत्र में हुई यह दुर्घटना दो लेन वाले राजमार्ग पर हुई। मृतकों में एक हाई स्कूल का छात्र, एक शिक्षक-प्रशिक्षक और ओक्लाहोमा का एक स्कूल कर्मचारी शामिल है।
विज्ञापन
दुर्घटना रविवार शाम हुई
कन्सास हाईवे पैट्रोल के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि स्थानीय समय के मुताबिक दुर्घटना रविवार शाम करीब 5:45 बजे हुई। ग्रीली के छोटे से शहर के बाहर कन्सास सिटी, मिसौरी से करीब 97 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में हुए इस हादसे के बाद लगी आग में बाल-बाल बचे एक शख्स को रेस्क्यू टीम ने अस्पताल में भर्ती कराया।
चार घंटे तक बंद रहा हाईवे
दुर्घटना के कारण राजमार्ग का एक हिस्सा चार घंटे तक बंद रहा। दुर्घटना के कारणों की जांच अभी जारी है। सिपाही जोडी क्लेरी ने बताया कि अधिकारियों के अलावा राहत और बचाव दल देर रात तक मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते रहे।
मृतकों में छात्रों के अलावा शिक्षक भी शामिल
हादसे में मरने वाले लोगों में तीन टुलसा पब्लिक स्कूल से जुड़े थे। बुकर टी. वाशिंगटन हाई स्कूल के छात्र डोनाल्ड 'डीजे' लास्टर भी मृतकों में शामिल हैं। हादसे में कार्वर मिडिल स्कूल के पूर्व कोच और शिक्षक वेन वाल्स और टुलसा पब्लिक स्कूल के परिवहन टीम के सदस्य जैमन गिलस्ट्रैप भी मारे गए। टुलसा पब्लिक स्कूल के अधीक्षक डॉ. एबोनी जॉनसन ने कहा, 'मैं उन लोगों के लिए दुखी हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।'