इस्राइल के जहाज को निशाना बनाने की धमकी पर यमन में अमेरिका ने हवाई हमला किया है। हूती विद्रोहियों ने कहा कि यमन की राजधानी सना के आसपास रविवार रात से लेकर सोमवार सुबह तक हवाई हमले किए गए। इसमें एक हूती विद्रोही की मौत हो गई। विद्रोहियों ने कहा कि यह अब तक के सबसे तेज हमले थे।
विद्रोहियों ने कहा कि 2014 से हूतियों के कब्जे वाली यमन की राजधानी सना के आसपास हुए हमलों में चार अन्य घायल भी हुए। यहां एक वीडियो फुटेज में बमों के धमाके के बाद घरों में बिखरे कांच प्रसारित किए, लेकिन हमलों के लक्ष्यों को नहीं दिखाया गया।
ये भी पढ़ें: 'अमेरिका में टिकटॉक के लिए बहुत खरीदार, समय सीमा से पहले पूरा होगा सौदा', राष्ट्रपति ट्रंप का बयान
इससे पहले अमेरिका ने यमन में हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर बमबारी की थी। यह बमबारी राजधानी सना और उत्तर पश्चिम में स्थित सादा शहर में की गई। बमबारी के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हूती विद्रोहियों को धमकी दी और कहा कि वे उन्हें पूरी तरह से तबाह कर देंगे। ट्रंप ने साथ ही ईरान को भी चेताया और ईरान पर हूती विद्रोहियों की मदद करने का आरोप लगाया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा था कि हूतियों को इस बमबारी में भारी नुकसान उठाना पड़ा है। यह धीरे-धीरे बदतर होता जाएगा। यह बराबरी की लड़ाई भी नहीं है और ना कभी होगी। उन्हें पूरी तरह से तबाह कर देंगे। ट्रंप ने हूतियों को हथियार देने के लिए ईरान को चेतावनी भी दी और दावा किया कि ईरान ने हूतियों को सैन्य आपूर्ति कम कर दी है, लेकिन उसे इस पूरी तरह से बंद कर देना चाहिए।
ये भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के बाद पलटवार को तैयार ईरान, हमले के लिए भूमिगत मिसाइल लॉन्चर किए लोड
अब तक 59 लोग मारे गए
हूतियों का कहना है कि अब तक हुए हवाई हमलों में 59 लोग मारे गए हैं। पिछले दिनों जब हूतियों ने गाजा पट्टी में सहायता सामग्री को रोकने के लिए इस्राइली जहाजों को निशाना बनाने की धमकी दी तो अमेरिका ने हमले शुरू किए।
ईरान पर हूतियों के समर्थन के लगते हैं आरोप
ईरान पर लंबे समय से हूतियों की मदद करने के आरोप लग रहे हैं। हूति यमन के अल्पसंख्यक शिया जैदी समुदाय के लोग हैं। इस वर्ग ने साल 1962 तक करीब हजार साल तक यमन पर राज किया। हालांकि ईरान इन आरोपों को बेबुनियाद बताकर खारिज करता रहा है। इस्राइल और हमास की लड़ाई के बाद हूतियों पर लाल सागर के इलाके में व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाने के आरोप लगे। इस दौरान हूतियों ने करीब 100 व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाया और दो जहाजों को डुबो दिया और चार नाविकों की हत्या की।
संबंधित वीडियो