कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान के लाख गिड़गिड़ाने के बाद भी संयुक्त राष्ट्र ने मामले में दखल देने से इनकार कर दिया है। संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि कश्मीर भारत का आंतरिक मामला है और इसका हल बातचीत से होना चाहिए। ऐसे में अगर संयुक्त राष्ट्र आमसभा में 27 सितंबर को पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान फिर कश्मीर राग अलापते हैं तो इसका कोई फायदा नहीं होगा।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनिया गुटेरस के प्रवक्ता स्टीफन दुजैरिक से मंगलवार को कहा, गुटेरस सभी पक्षों को निजी व सार्वजनिक रूप से स्पष्ट कर चुके हैं कि कश्मीर भारत का आंतरिक मामला है। इसे भारत और पाकिस्तान को बातचीत से सुलझाना होगा। इसमें कोई भी तीसरा पक्ष दखल नहीं दे सकता।
दुजैरिक ने कहा, गुटेरस ने जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फ्रांस में मुलाकात की और कश्मीर मुद्दे पर चर्चा की। इसके अलावा, गुटेरस ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी और यूएन में पाक की स्थायी सदस्य मलीहा लोधी से भी बात की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनकी ओर से मदद तब ही होगी, जब दोनों पक्ष इसके लिए तैयार होते हैं।
बलूच नेता बोले, कश्मीर पर झूठ बोल रहा पाक
अमेरिका स्थित बलूच मानवाधिकार काउंसिल नेता रज्जाक बलूच ने मंगलवार को कहा कि पाकिस्तान कश्मीर मुद्दे पर झूठे आंसू बहा रहा है। उसके यहां खुद मानवाधिकारों की धज्जियां उड़ रहीं है और वह उन पर आंख मूंदे बैठा है। कश्मीर के लोगों के मानवाधिकारों के लिए यूएन के मंच पर झूठ बोला जा रहा है।