बुनियादी ढांचे की कमी की चुनौतियों के कारण 2019-20 में भारत की विकास दर के अनुमान में कमी आई है। संयुक्त राष्ट्र ने मंगलवार को एक रिपोर्ट में बताया कि मजबूत घरेलू खपत और निवेश से 2019 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 7.0 फीसदी और 2020 में 7.1 फीसदी रहने का अनुमान है।
रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2018 में आर्थिक वृद्धि दर 7.2 फीसदी रही थी। संयुक्त राष्ट्र का यह अनुमान इस साल जनवरी में जारी अनुमान से कम है। उस समय यूएन ने 2019 और 2020 में आर्थिक वृद्धि दर क्रमश: 7.6 और 7.4 फीसदी रहने की संभावना जताई थी। इससे पहले आरबीआई ने भी अल नीनो के प्रभाव और वैश्विक चुनौतियों के कारण 2019-20 का विकास दर अनुमान 7.4 फीसदी से घटाकर 7.2 फीसदी कर दिया था।
यूएन ने चीन की विकास दर 2018 के 6.6 फीसदी से घटाकर 2019 में 6.3 फीसदी और 2020 में 6.2 फीसदी रहने का अनुमान जताया है। वहीं, वैश्विक विकास दर 2019 में 2.7 फीसदी और 2020 में 2.9 फीसदी रहने का अनुमान है। इस पर चीन-अमेरिका व्यापार तनाव के अलावा जलवायु परिवर्तन का भी असर दिखेगा।