संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उत्तरी इराक के किरकुक प्रांत के निकट हिंसा की ताजा घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है। पंद्रह सदस्यीय सुरक्षा परिषद ने कहा कि सभी पक्षों को हिंसा का रास्ता छोड़कर इराकी एकता के लिए एक साथ मिलकर काम करना चाहिए।
संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि सुरक्षा परिषद में इराकी संविधान के प्रावधानों का सम्मान करने की अपील की गई है। साथ ही इराक की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता के प्रति सम्मान और एकता बनाए रखना सभी पक्षों का धर्म बनता है।
पढ़ें- जनमत संग्रह के बाद स्वतंत्र घोषित किरकुक पर इराकी सेना ने जमाया कब्जा
इसके अलावा इराक और लेवेंट में इस्लामिक स्टेट (आईएस) के खात्मे के जारी प्रयासों को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया गया है। सुरक्षा परिषद ने इराक के मसलों से जुड़े सभी पक्षों को बातचीत के लिए एक मंच पर लाने की जरूरत पर भी जोर दिया।