गिनीज ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाला पाकिस्तानी परिवार
- फोटो : social media
पाकिस्तान के लरकाना में एक परिवार ने अनूठा रिकॉर्ड बनाया है। इस परिवार के सभी नौ सदस्यों का एक ही तारीख को जन्मदिन है। इन सभी लोगों का जन्म अलग-अलग साल में 1 अगस्त को ही हुआ है।
गिनीज बुक ने प्रमाणपत्र जारी कर दी मान्यता
अब गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड्स ने भी इसे अनोखा कीर्तिमान का दर्जा देते हुए प्रमाणपत्र जारी किया है। इस परिवार के मुखिया का नाम अमीर आजाद मांगी है। मांगी के परिवार में पत्नी और बच्चों को मिलाकर कुल नौ सदस्य हैं। मांगी के सात बच्चों में से चार बच्चे जुड़वा हैं।
खास बात यह है कि मांगी की शादी भी एक अगस्त को ही हुई थी। गौरतलब है कि इससे पहले यह कीर्तिमान भारत के एक परिवार के नाम था। इस परिवार में पांच सदस्य शामिल थे, जिनका जन्म एक ही तारीख को हुआ था।
बता दें कि इससे पहले इसी महीने में भारत के पंचकूला की रहने वाली छह वर्षीय बच्ची आरना का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड्स में दर्ज हुआ है। छह वर्षीय बच्ची आरना एक मिनट में ही 93 एयरलाइंस को पहचान लेती है। बच्ची का यह कमाल इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकार्ड्स में दर्ज हो गया है। बच्ची की मां नेहा गुप्ता ने बताया कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में अब तक एक मिनट में 39 एयर लाइंस को पहचाने का रिकॉर्ड था। उनकी छोटी सी बच्ची ने यह रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
आरना के इस रिकार्ड के लिए उसको इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। आरना ने यह रिकॉर्ड एक जुलाई 2021 को बनाया। नेहा ने बताया कि आरना को याद करने का बड़ा शौक है। उन्होंने कहा कि वही आरना को पढ़ाती हैं। उन्होंने कहा कि आरना कहानियां सुनती है, तो भी काफी ध्यान से। उसमें भी उसको साइंस और फिक्शन की कहानियां ज्यादा पसंद हैं। आरना कार्मल कान्वेंट स्कूल की छात्रा है, फिलहाल वह ऑनलाइन कक्षाएं भी ले रही हैं। नेहा ने बताया कि वह भी आरना से इसी प्रकार के खेल करवाती रहती हैं। नतीजा यह हुआ है कि आरना अब चीजों को पहचानने में एकदम परफेक्ट हो चुकी है।