कोरोना वायरस ने दुनियाभर में कहर बरपा रखा है। इस महामारी से विश्वभर में अब तक 40 लाख से भी ज्यादा लोग प्रभावित हैं। वहीं, इस खतरनाक बीमारी से दुनियाभर में 2.76 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में अस्पतालों में बिस्तरों और ताबूतों की कमी से एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है, जिसको लेकर कोलंबियाई विज्ञापन कंपनी एक अजीबो-गरीब समाधान लेकर आई है।
कोलंबिया की विज्ञापन कंपनी ने एक ऐसा आइडिया दिया है, जो सुनने में आपको काफी अजीबो-गरीब लग सकता है। दरअसल एबीसी डिस्प्लेज ने मोटे गत्ते का एक बिस्तर तैयार किया है। इस बिस्तर के चारों ओर धातु की रेलिंग लगाई गई हैं। इसे इस तरह से बनाया गया है कि यह बिस्तर और ताबूत दोनों का काम करेगा।
बिस्तर की डिजाइनिंग कुछ इस तरह की गई है कि अगर उपचार के दौरान मरीज की मौत हो जाती है तो यह बिस्तर ताबूत का भी काम करेगा।
कंपनी के प्रबंधक रोडोल्फो गोमेज ने इस दौरान कहा कि निकटवर्ती इक्वाडोर में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़ी है, जिसके कारण बिस्तर और ताबूतों की हो रही कमी को देखने के बाद उनके दिमाग में ऐसा बिस्तर बनाने का विचार आया।
उन्होंने बताया कि तटीय शहर गुआयाक्विल शहर में पिछले महीने कोरोना वायरस महामारी के मामले बढ़ने के बाद मृतको के प्रियजनों को इंतजार करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि इस दौरान कई लोग लकड़ी के ताबूत नहीं तलाश पाए। वहीं, बहुत से ऐसे भी लोग थे जो ताबूत का खर्च उठाने में सक्षम नहीं थे। मजबूरी में इन लोगों ने दान में मिले गत्तों के ताबूतों का इस्तेमाल किया।
गोमेज ने बताया कि वो कोलंबिया के अमेजोनास विभाग को अपने बनाए 10 नए बिस्तर दान देना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि ज्यादा मामलों के कारण यहां संसाधनों की कमी है। हालांकि, अस्पताल या प्रशासन इन बिस्तरों का इस्तेमाल करेगा या नहीं इसकी अभी कोई जानकारी नहीं मिली है। इसके अलावा इन बिस्तरों को लेकर अभी यहां से कोई भी ऑर्डर नहीं दिया गया है।