संयुक्त राष्ट्र महासभा (file photo)
- फोटो : UN Hindi
विश्व इतिहास में पहली बार यह होने जा रहा है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा की वार्षिक सभा में दुनिया का कोई भी नेता न्यूयॉर्क नहीं आएगा। संयुक्त राष्ट्र की स्थापना को 75 साल हो चुके हैं और इस बार 15 सितंबर से इसकी 75वीं बैठक शुरू होने की संभावना है, लेकिन कोविड-19 महामारी के चलते यहां किसी भी नेता के जुटने की संभावना नहीं है।
संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष तिजानी मोहम्मद बांदे ने कहा कि उन्हें अगले दो हफ्तों में घोषणा करने की उम्मीद है कि कैसे 193 राज्य प्रमुख और सरकार इस बैठक के दौरान ज्वलंत मुद्दों पर बहस में हिस्सा लेंगे। यह बैठक 15 सितंबर से शुरू होने की संभावना है।
वहीं उच्च स्तरीय आम बहस का पहला दिन 22 सितंबर हो सकता है। तिजानी मोहम्मद ने कहा, ‘दुनिया भर के नेता व्यक्तिगत रूप से न्यूयार्क नहीं आ सकते हैं। उनके साथ प्रतिनिधि मंडल भी आता है। ऐसे में उनका कार्यालय संयुक्त राष्ट्र सदस्य देशों के साथ आम बहस को सुनिश्चित करने के लिए तंत्र बनाने में जुटा है। ऐसा इसलिए ताकि कोविड-19 के तहत लागू प्रतिबंधों के बीच राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय प्राथमिकताओं पर बात की जा सके।’
- तारीख में नहीं होगा बदलाव
महासभा के अध्यक्ष ने कहा कि आम बहस की तारीख में बदलाव नहीं किया जाएगा और यह तय तारीख पर ही आयोजित होगी लेकिन पिछले 74 वर्षों से जैसा होता रहा था, वह इस बार संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि महामारी की वजह से व्यक्तिगत बैठक असंभव लग रही है, लेकिन ऐसी संभावना है कि महासभा हॉल में ‘ सौ या कुछ’ लोगों को उच्च स्तरीय चर्चा वाले सप्ताह में मौजूद रहने की मंजूरी दी जा सकती है। लेकिन लोगों के इसमें भाग लेने में संदेह है।