यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हाल ही में व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से मुलाकात की। बैठक में उन्होंने रूस के खिलाफ जंग में टॉमहॉक मिसाइलें मांगी। हालांकि, इसके लिए जेलेंस्की को निराशा झेलनी पड़ी। इस बीच अब जेलेंस्की ने डोनाल्ड ट्रंप से अपील की है कि वे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के खिलाफ और कड़ा रुख अपनाएं।
टॉमहॉक मिसाइलों की उम्मीद अधूरी रही
दरअसल, जेलेंस्की ने उम्मीद जताई थी कि अमेरिका उन्हें लंबी दूरी वाली टॉमहॉक मिसाइलें देगा, जो रूस की गहराई तक वार कर सकती हैं। ट्रंप ने इस पर विचार करने की बात कही थी, लेकिन जेलेंस्की से व्हाइट हाउस में मुलाकात के बाद उन्होंने इस संभावना को ठंडा कर दिया। यह बैठक पुतिन के साथ ट्रंप की फोन कॉल के एक दिन बाद हुई थी।
जेलेंस्की ने कहा, “यह अच्छा है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने ‘ना’ नहीं कहा, लेकिन फिलहाल उन्होंने ‘हां’ भी नहीं कहा।” जेलेंस्की ने दावा किया कि पुतिन को टॉमहॉक मिसाइलों से डर है, क्योंकि उनका मानना है कि अगर यूक्रेन को ये हथियार मिल गए, तो यह संघर्ष “नई और खतरनाक दिशा” में चला जाएगा।
ट्रंप-पुतिन बुडापेस्ट बैठक और जेलेंस्की की पेशकश
डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि वह यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से दूसरे दौर की वार्ता के लिए बुडापेस्ट में पुतिन से मिलेंगे। बुडापेस्ट में पुतिन से दूसरी दौर की शांति वार्ता पर जेलेंस्की ने कहा कि वह भी इस बैठक में शामिल होने को तैयार हैं।