आर्थोडाक्स क्रिसमस के मौके पर दो दिन के लिए युद्ध विराम को यूक्रेन ने रूस का पाखंड और कोरा प्रचार बताया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की के सलाहकार माइखाइलो पोडोलीक ने इसे खारिज कर दिया। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि यूक्रेन जंग इस वक्त अहम मोड़ पर पहुंच गई है।
बता दें, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को यूक्रेन में मनाए जाने वाले ऑर्थोडॉक्स क्रिसमस के मौके पर अस्थायी युद्धविराम का आदेश दिया है। यह पहला मौका है जब रूस ने यूक्रेन में पिछले साल फरवरी में आक्रमण शुरू करने के बाद से पूर्ण युद्धविराम लागू किया है।
यह रूस की चालाकी
युद्धविराम को लेकर पोडोलीक ने कहा कि युद्धविराम का एलान रूसी चाल है। उन्होंने कहा कि जंग खत्म करने की रूस की जरा भी इच्छा नहीं है। रूसी नेतृत्व की इस चालाकी भरी पहल का जवाब देने की कोई आवश्यकता नहीं है।
बाइडन ने कहा कि उन्होंने जर्मनी के चांसलर ओलाफ स्कोल्ज के साथ यूक्रेन और यूरोप और यूरोपीय संघ में उनके गठबंधनों के बारे में लंबी चर्चा की है। हमारे पास जापान और अन्य देशों सहित कई देशों का एक समूह है। हमने भावी कदम पर बात की है। हम यूक्रेन की मदद बढ़ाने जा रहे हैं। उसे ब्रैडली इन्फैंट्री फाइटिंग व्हीकल और जर्मनी बख्तरबंद गाड़ियां व पैट्रियट मिसाइलों को खेप देगा।