ब्रिटिश शाही परिवार के सदस्य प्रिंस चार्ल्स अगले महीने भारत के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर आ रहे हैं। यहां प्रिंस चार्ल्स भारत के साथ स्थायी बाजारों, जलवायु परिवर्तन और सामाजिक वित्त के मौके पर चर्चा करेंगे। प्रिंस के कार्यालय ने इस बात की जानकारी दी।
70 वर्षीय प्रिंस चार्ल्स बुधवार 13 नवंबर को दो दिवसीय भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचेंगे। प्रिंस चार्ल्स की यह 10वीं भारत यात्रा है। उन्होंने आखिरी बार नवंबर 2017 में अपनी पत्नी कैमिला के साथ भारत, ब्रुनेई, सिंगापुर और मलेशिया की संयुक्त यात्रा की थी।
प्रिंस चार्ल्स के कार्यालय ने कहा है कि प्रिंस की यात्रा के बारे में सरकार की प्राथिमिकताओं के आधार पर विदेश कार्यालय द्वारा अधिक जानकारी दी जाएगी। ब्रिटेन यूरोपीय संघ छोड़ने से पहले भारत के साथ एक व्यापार समझौते को सुनिश्चित करने के लिए उत्सुक रहा है।
हाल ही में प्रिंस चार्ल्स के बेटे विलियम और उनकी पत्नी केट ने भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान की चार दिवसीय यात्रा की थी। इस यात्रा के एक हफ्ते बाद ही प्रिंस चार्ल्स की भारत यात्रा की घोषणा की गई है।