ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन
- फोटो : ANI
ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और वित्त मंत्री ऋषि सुनक पर कोविड-19 महामारी लॉकडाउन नियमों को तोड़ने के लिए पार्टीगेट घोटाले को लेकर जुर्माना लगाया जाएगा। इसमें आरोप लगाया गया था कि सरकार ने अपने स्वयं के महामारी प्रतिबंधों का उल्लंघन किया है। डाउनिंग स्ट्रीट ने पुष्टि की कि ब्रिटेन के दो सबसे वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों को मेट्रोपॉलिटन पुलिस से सूचना मिली थी कि उन्हें निश्चित तौर पर जुर्माना नोटिस दिया जाएगा। बोरिस जॉनसन को पहले ही संसद में घोटाले पर माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया था और पुलिस जांच खत्म होने पर हाउस ऑफ कॉमन्स में एक और बयान देने का वादा किया है।
जॉनसन और सुनक के इस्तीफे की मांग
विपक्षी लेबर पार्टी ने महामारी के दौरान सरकार द्वारा लगाए गए कानूनी नियमों के उल्लंघन पर जॉनसन और सुनक दोनों के तुरंत इस्तीफे की मांग की। कानून तोड़ने के लिए फिक्स्ड पेनल्टी नोटिस मिलता है, इसका मतलब है कि 28 दिनों के भीतर जुर्माना अदा करना होगा। अगर कोई जुर्माना के खिलाफ अपील का विकल्प चुनता है, तो पुलिस मामले की समीक्षा करेगी और तय करेगी कि जुर्माना वापस लिया जाए या मामले को अदालत में ले जाया जाए।
रहस्योद्घाटन के रूप में स्कॉटलैंड यार्ड ने घोषणा की कि 50 से अधिक जुर्माना उन लोगों को जारी किया जाएंगे जो डाउनिंग स्ट्रीट में और लंदन के व्हाइटहॉल में यूके के सरकारी कार्यालयों में 2020-2021 में कोविड कानून के उल्लंघन करते हुए पार्टियों का आयोजन किया या भाग लिया है। जॉनसन और उनके डाउनिंग स्ट्रीट पड़ोसी भारतीय मूल के वित्त मंत्री ऋषि सुनक उन 100 लोगों में शामिल थे जिन्हें जनवरी में पार्टीगेट घोटाले में शुरू की गई मेट्रोपॉलिटन पुलिस जांच से संबंधित औपचारिक कानूनी प्रश्नावली भेजी गई थी। पुलिस उन 12 घटनाओं की जांच कर रही है, जिन्होंने 2020-2021 में कोरोनो वायरस लॉकडाउन नियमों का उल्लंघन किया हो सकता है।