फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UK: चाकू से हमले को रोकने के लिए गृह मंत्री सुएला ने दिखाई सख्ती, स्टॉप एंड सर्च अभियान में तेजी के निर्देश

Mon, 19 Jun 2023 06:45 PM IST
देव कश्यप पीटीआई, लंदन।

सार

ब्रिटेन की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने एक बयान में कहा कि हथियार लेकर चलना हमारे समाज के लिए एक अभिशाप है। और ऐसा करने वाला कोई भी व्यक्ति अपनी और अपने आसपास के लोगों की जान जोखिम में डाल रहा है। इस खतरनाक संस्कृति को रोका जाना चाहिए।
विज्ञापन
ब्रिटेन की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन (फाइल फोटो)। - फोटो : gov.uk
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ब्रिटेन की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने देश में चाकूबाजी की घटनाओं और ऐसे हमलों पर नकेल कसने के लिए ‘स्टॉप एंड सर्च’ (रोकने और तलाशी लेने) के अधिकारों के इस्तेमाल में तेजी लाने के लिए सोमवार को पुलिस को अपना पूरा समर्थन दिया। गृह मंत्री ने यह कदम इंग्लैंड में चाकू हमले की तीन अलग-अलग घटनाओं के बाद उठाया है, जिनमें भारतीय मूल के तीन लोगों की जान चली गई थी।

विज्ञापन


उत्तरी लंदन में पिछले मंगलवार को हैदराबाद की 27 वर्षीय छात्रा तेजस्विनी कोंथम की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। उसी दिन नॉटिंघम में ब्रिटिश-भारतीय किशोरी ग्रेस ओ'माल्ली कुमार पर चाकू से किए गए घातक हमले की एक और घटना सामने आई थी। शुक्रवार को केरल के 38 वर्षीय अरविंद शिवकुमार की दक्षिण लंदन में एक अपार्टमेंट के बाहर चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।

चाकू से किए गए हमले के तीनों मामलों में संदिग्ध आरोपी फिलहाल हिरासत में हैं और उनपर हत्या का आरोप लगाया गया है। ब्रिटिश पुलिस ने बताया कि अरविंद शिवकुमार के हत्या के मामले में आरोपी एक 25 साल का व्यक्ति है। स्कॉटलैंड यार्ड (महानगर पुलिस) ने कहा कि उसकी विशेष क्राइम टीम जांच का नेतृत्व कर रही है। शुक्रवार को साउथवार्क के साउथम्पटन वे में एक अपार्टमेंट के बाहर चाकू से किए गए हमले में अरविंद शिवकुमार की मौत हो गई।
विज्ञापन


महानगर पुलिस ने हत्या की जांच शुरू कर दी है और सलमान सलीम (25) नाम के व्यक्ति पर शनिवार को हत्या का आरोप दर्ज किया, जब वह हिरासत में भेजे जाने के लिए क्रोयडोन मजिस्ट्रेट कोर्ट में उपस्थित हुआ था। सलीम को मंगलवार को लंदन स्थित ओल्ड बेली अदालत में पेश किया जाना है। केम्बरवेल से लेबर पार्टी के सांसद हैरियट हर्मन ने इस घटना के तुरंत बाद ट्वीट किया, साउथम्पटन वे में वीभत्स घटना हुई। शोकसंतप्त परिवार के प्रति सहानुभूति है। 

ब्रेवरमैन ने एक बयान में कहा कि हथियार लेकर चलना हमारे समाज के लिए एक अभिशाप है। और ऐसा करने वाला कोई भी व्यक्ति अपनी और अपने आसपास के लोगों की जान जोखिम में डालता है। इस खतरनाक संस्कृति को रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेरी पहली प्राथमिकता जनता को सुरक्षित रखना है और जो लोग हथियार रखने पर जोर देते हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि इसके परिणाम गंभीर होंगे। हिंसा को रोकने और अधिक लोगों की जान बचाने के लिए, जहां भी आवश्यक हो स्टॉप एंड सर्च अभियान को बढ़ाने के लिए पुलिस को मेरा पूरा समर्थन है।

ब्रिटिश गृह विभाग ने इससे संबंधित आंकड़े भी जारी किए हैं, जो बताते हैं कि पिछले साल इंग्लैंड और वेल्स में चाकू से किए गए हमले में 99 युवाओं की जान चली गई थी और उन पीड़ितों में से 31 अश्वेत थे। ब्रेवरमैन ने कहा, चाकू के हमले से होने वाला हर मौत एक त्रासदी है। इसलिए मैं इस अभिशाप से निपटने में पुलिस का पूरा समर्थन करती हूं। हमें इस हिंसा पर नकेल कसने के लिए अपने दायरे में सब कुछ करने की जरूरत है।

भारतीय मूल की कैबिनेट मंत्री ने इंग्लैंड और वेल्स में सभी 43 पुलिस बलों के मुख्य कांस्टेबलों को स्टॉप एंड सर्च के लिए पुलिस की रणनीति के व्यावहारिक ज्ञान को पूरा समर्थन देने के लिए पत्र लिखा है। उन्होंने उनसे यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि उनके अधिकारी अपने अधिकारों का पूरी तरह से उपयोग करने के लिए तैयार हैं ताकि वे हिंसा होने से पहले उसे रोकने में अधिक सक्रिय हो सकें।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें