ब्रिटेन ने बच्चों से जुड़े निजी डाटा के गैरकानूनी इस्तेमाल समेत कई उल्लंघनों के लिए चीनी वीडियो एप टिकटॉक पर 130.34 करोड़ रुपये (लगभग 1.27 करोड़ पाउंड) का जुर्माना लगाया है। ब्रिटिश निगरानी तंत्र सूचना आयुक्त कार्यालय के मुताबिक टिकटॉक ने अपनी ही नीति के खिलाफ जाते हुए 2020 में 13 साल से कम उम्र के 14 लाख बच्चों को टिकटॉक पर अकाउंट खोलने दिया।
संस्था ने पहले दिया था चुनौती
टिकटॉक के प्रवक्ता ने बताया कि हमारी मजबूत सुरक्षा टीम कस्टमर्स के लिए प्लेटफॉर्म को सुरक्षित रखने में चौबीसों घंटे काम करती है। हालांकि, हम ICO के मई 2018-जुलाई 2020 के फैसले से असहमत हैं। हम खुश हैं कि आज घोषित जुर्माना पिछले साल प्रस्तावित राशि से आधे से कम कर दिया गया है। यूके की संस्था ने टिकटॉक को पहले एक बार चेतावनी दी थी कि टिकटॉक अपने उल्लंघनों के लिए 27 मिलियन पाउंड के जुर्माने का सामना कर सकता है।
ऑस्ट्रेलिया ने भी टिकटॉक के इस्तेमाल पर लगाया प्रतिबंध
उधर, ऑस्ट्रेलिया ने भी सरकारी उपकरणों में चीन के वीडियो एप टिकटॉक पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही वह अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन और न्यूजीलैंड के तथाकथित ‘फाइव आइज’ खुफिया गठबंधन का आखिरी देश बन गया है, जिन्होंने सरकारी उपकरणों में टिकटॉक के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया है। अटॉर्नी जनरल मार्क ड्रेफुस ने कहासुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर प्रतिबंध जल्द लागू होगा। टिकटॉक पर चीन की प्रौद्योगिकी कंपनी बाइटडांस का मालिकाना हक है। उसका कहना है, वह सरकार के साथ डेटा साझा नहीं करती है।