राष्ट्रीय हवाई यातायात नियंत्रण सेवा (नैट्स) ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण कुछ उड़ानों के प्रस्थान में परेशानी हो रही है। सेवा ने कहा कि विमानों को सुरक्षित तरीके से उड़ान भरने में दिक्कत के कारण प्रस्थान में काफी देरी हुई। नैट्स ने कहा, "हम एक तकनीकी समस्या की जांच कर रहे हैं, जिसके कारण कुछ उड़ानों के प्रस्थान में बाधा आ रही है। हमारे इंजीनियर मौके पर मौजूद हैं और जल्द से जल्द अपडेट दिया जाएगा।
एयरपोर्ट्स पर करीब 300 उड़ानें रद्द
फ्लाइटरडार24 के अनुसार, ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल की समस्या के कारण अब तक करीब 300 उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। हीथ्रो, गैटविक, मैनचेस्टर और बर्मिंघम एयरपोर्ट सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, हीथ्रो से आने-जाने वाली 352 उड़ानें विलंबित हुईं। यहां रोजाना औसतन करीब 1,300 उड़ानों का संचालन होता है। गैटविक पर औसतन 850 उड़ानों के मुकाबले 281 उड़ानें विलंबित हुईं। वहीं, मैनचेस्टर में 650 में से 249 और बर्मिंघम में 300 में से 101 उड़ानों में देरी हुई।
तकनीकी समस्या से कैसे ठप पड़े ब्रिटेन के कई एयरपोर्ट?
हीथ्रो एयरपोर्ट ने सोशल मीडिया पर बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेवा में तकनीकी समस्या का असर ब्रिटेन के एयरपोर्ट से रवाना होने वाली उड़ानों पर पड़ा है। फिलहाल आने वाली उड़ानें प्रभावित नहीं हुई हैं। एयरपोर्ट ने कहा कि वह समस्या को जल्द से जल्द दूर करने के लिए स्थानीय नैट्स टीम के साथ काम कर रहा है। यात्रियों से अपनी एयरलाइन से उड़ान की ताजा जानकारी लेने को कहा गया है।
एयरपोर्ट ने कहा कि वह समस्या को जल्द से जल्द दूर करने के लिए स्थानीय नैट्स टीम के साथ काम कर रहा है। यात्रियों से अपनी एयरलाइन से उड़ान की ताजा जानकारी लेने को कहा गया है।
करीब दो घंटे बाद समस्या का समाधान
एयर ट्रैफिक कंट्रोल अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने तकनीकी समस्या की पहचान कर ली है और उसका समाधान लागू कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा, "हमारे इंजीनियर मौके पर मौजूद हैं और सामान्य संचालन जल्द से जल्द बहाल करने के लिए तत्काल काम कर रहे हैं।" उन्होंने कहा, "हम यात्रा में जारी इस व्यवधान को समझते हैं और इसके लिए पूरी ईमानदारी से माफी मांगते हैं।"
साइबर हमले की बात से नैट्स का इनकार
एक यात्री ने द इंडिपेंडेंट को बताया कि उसके विमान के पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल पर साइबर हमले की जानकारी दी थी। पाल्मा में विमान के इंतजार में मौजूद निकोला डकेट ने कहा कि उन्हें यह जानकारी पायलट से मिली थी। हालांकि, नैट्स की एक प्रवक्ता ने साइबर हमले की बात से इनकार किया। उन्होंने कहा, "फिलहाल हमारे पास यह मानने का कोई सबूत नहीं है कि यह साइबर हमला है।"