US Road Accident: अमेरिका में रह रहे दो भारतीय छात्रों की सड़क हादसे में मौत हो गई है। भारतीय दूतावास ने इस घटना पर शोक जताया है। इसके साथ ही दूतावास की तरफ से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पीड़ित परिवारों को कानूनी और दूतावासी सहायता समय पर मिल सके।
अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो भारतीय छात्रों की मौत हो गई। यह हादसा शनिवार सुबह उस समय हुआ जब उनकी कार एक पेड़ से टकराकर पुल से जा भिड़ी। इस हादसे में दोनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र घायल हुआ है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान मानव पटेल और सौरव प्रभाकर के रूप में हुई है। दोनों छात्र क्लिवलैंड स्टेट यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे थे।
भारतीय दूतावास ने हादसे पर जताया दुख
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय वाणिज्य दूतावास, न्यूयॉर्क ने इस पर गहरा शोक जताया और पीड़ित परिवारों के साथ संवेदना प्रकट की है। दूतावास ने एक पोस्ट एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा करते हुए कहा, 'क्लिवलैंड स्टेट यूनिवर्सिटी के दो भारतीय छात्रों, मानव पटेल और सौरव प्रभाकर, की दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में मृत्यु की खबर से हम अत्यंत दुखी हैं। इस कठिन समय में हमारी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं उनके परिवारों के साथ हैं।' दूतावास ने यह भी बताया कि वह दोनों परिवारों के संपर्क में है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
तड़के सुबह हुआ सड़क हादसा
स्थानीय पुलिस और लैंकेस्टर काउंटी के कोरोनर कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा पेंसिल्वेनिया टर्नपाइक पर ब्रेकनॉक टाउनशिप इलाके में सुबह करीब 7 बजे हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, सौरव प्रभाकर गाड़ी चला रहे थे। तेज रफ्तार में गाड़ी नियंत्रण से बाहर हो गई, जिससे पहले वह एक पेड़ से टकराई और फिर एक पुल के खंभे से जा भिड़ी। इस हादसे में दोनों छात्रों को कई गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने इनकी मौत को एक घटना बताया है।