नेपाल में बुधवार को देर रात एक घंटे के अंदर भूकंप के दो झटके आए। नेशनल अर्थक्वेक मॉनिटरिंग एंड रिसर्च सेंटर नेपाल के अनुसार बागलुंग जिले में महसूस किए गए झटकों की तीव्रता 4.7 और 5.3 रही। जानकारी के अनुसार, नेपाल के बागलुंग में एक और दो बजे (स्थानीय समय) के बीच भूकंप आए, हालांकि अभी तक जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
एनईएमआरसी से मिली रीडिंग के अनुसार, बागलुंग जिले में 01:23 (स्थानीय समयानुसार) पर 4.7 तीव्रता का भूकंप आया। वहीं दूसरा भूकंप पर बागलुंग जिले के खुंगा के आसपास 02:07 (स्थानीय समयानुसार) पर आया। फिर तड़के तीन बजकर 28 मिनट पर चार तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। इस बार भूकंप का केंद्र अधिकारी चौक था। एनईएमआरसी ने ट्वीट कर कहा कि अभी तक जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
भूकंप निगरानी केंद्र ने बताया कि ये भूकंप के झटके वर्ष 2015 में आए भूकंप के बाद के झटके नहीं थे, बल्कि नया भूकंप था। इन झटकों से फिलहाल नुकसान की कोई जानकारी नहीं है। इससे पहले 25 अप्रैल 2015 को नेपाल के गोरखा जिले में 7.8 तीव्रता का भूकंप आया था। इस दौरान नौ हजार लोगों की मौत हुई थी। करीब 50 हजार भवनो को क्षति पहुंची थी।
उत्तराखंड में भी भूकंप के झटके
इससे पहले उत्तराखंड में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तरकाशी में मंगलवार देर रात 2.19 मिनट पर 3.1 तीव्रता का भूकंप आया। बता दें कि दिसंबर में उत्तराखंड में कई बार भूकंप के झटके आ चुके हैं।