विश्व में जहां कोरोना संक्रमितों की संख्या 7.46 करोड़ पार हो गई है। वहीं 16.58 लाख से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। इस बीच ट्विटर ने कहा है कि वह अपनी साइट से कोविड-19 के टीके से संबंधित गलत जानकारी हटाना शुरू करेगा। फेसबुक और यूट्यूब ने भी टीकों से संबंधित गलत जानकारी हटाने की घोषणा की है।
ट्विटर ने कहा है कि वह वायरस के वास्तविक नहीं होने का दावा करने वाली, टीके के प्रभाव संबंधी दावों का खंडन करने वाली और टीकाकरण से लोगों को नुकसान पहुंचाने जैसे बेबुनियाद दावे करने वाली पोस्टों को हटाएगा। ट्विटर ने कहा है कि वह अगले बुधवार से नई नीति लागू करेगा।
यदि लोग नियमों का उल्लंघन करके ट्वीट करते हैं, तो उन्हें डिलीट कर दिया जाएगा। ये घोषणाएं ऐसे समय में की गई हैं, जब अमेरिका में कोविड-19 का टीका लगना शुरू हो गया है। इसे देश के इतिहास का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान माना जा रहा है। ऐसे में कई लोग टीकाकरण को लेकर हिचकिचा रहे हैं और कई लोग टीकों के बारे में दुष्प्रचार कर रहे हैं।