तुर्किये पुलिस ने बृहस्पतिवार को 11 लोगों को हिरासत में लिया है। इन लोगों ने राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन के मुख्य प्रतिद्वंदी और इस्तांबुल के मेयर एक्रेम इमामोग्लू की कैद के विरोध में बीते दिन एक दिवसीय खरीदारी बहिष्कार का समर्थन किया था। सरकारी मीडिया के अनुसार, इस्तांबुल के मुख्य लोक अभियोजक कार्यालय ने 16 संदिग्धों के लिए गिरफ्तारी वारंट जारी किया है, जिन पर 'घृणा और भेदभाव' फैलाने का आरोप है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में अभिनेता सेम यिगित उजुमोग्लू भी शामिल हैं, जिन्होंने नेटफ्लिक्स की डॉक्यूसीरीज 'राइज ऑफ एम्पायर्स: ओटोमन' में सुल्तान मेहमेद द कॉन्करर की भूमिका निभाई थी।
लोगों से पैसे खर्च न करने की अपील की थी
संदिग्धों ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था, जिसमें लोगों से आह्वान किया गया कि वे बुधवार को पैसे खर्च न करें। साथ ही व्यवसायी से एकजुटता दिखाने के लिए अपने दरवाजे बंद करने की अपील की गई। इस पोस्ट के चलते 11 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
ये भी पढ़ें: Meta Fined: तुर्किये में मेटा पर जुर्माना क्यों, फेसबुक-इंस्टाग्राम से कंटेंट हटाने से इनकार करने की वजह क्या?
इमामोग्लू को जेल भेजे जाने के बाद शुरू हुए विरोध प्रदर्शन
पिछले महीने इस्तांबुल के विपक्षी मेयर एक्रेम इमामोग्लू को भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल भेज दिया गया था। उनके जेल जाने के बाद बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। आलोचकों ने इमामोग्लू पर लगाए गए आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया, जबकि सरकार का कहना है कि न्यायपालिका स्वतंत्र है और इसमें राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं है।
विपक्ष ने विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें न दिखाने वाली मीडिया फर्मों की पहचान की
इस्तांबुल के अभियोजकों ने मंगलवार को इमामोग्लू की पार्टी द्वारा पहले की गई बहिष्कार कॉल की आपराधिक जांच शुरू की, जिसमें उन कंपनियों को निशाना बनाया गया था, जिन पर सरकार का समर्थन करने का आरोप है। विपक्ष ने उन मीडिया फर्मों की पहचान की, जिन्होंने विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें नहीं दिखाई, जिसमें सैकड़ों हजारों लोग इमामोग्लू की रिहाई के लिए सड़कों पर उतरे थे।
ये भी पढ़ें: US: मेटा ने नहीं माना तुर्किये सरकार का फरमान, कंटेंट प्रतिबंधित करने से इनकार पर लगाया गया तगड़ा जुर्माना
इमामोग्लू की गिरफ्तारी के बाद से 2000 लोग हिरासत में लिए
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 19 मार्च को इमामोग्लू की गिरफ्तारी के बाद से लगभग 2,000 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें से 316 को मुकदमे की प्रतीक्षा में जेल में रखा गया है। अधिकांश पर विरोध प्रदर्शनों में भाग लेने के आरोप हैं। वहीं, जेल में बंद प्रदर्शनकारियों के वकीलों ने कहा है कि कई लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।
संबंधित वीडियो