फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तुर्किये: स्टील प्लांट में भीषण धमाका, 16 लोगों की मौत और 13 घायल; क्या सुरक्षा में हुई लापरवाही? जांच के आदेश

Tue, 10 Nov 2026 01:06 AM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, अंकारा

सार

तुर्किये के इजमिर प्रांत में सोमवार को एक स्टील प्लांट में भीषण धमाका हुआ। हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 घायल हुए हैं। धमाके के बाद प्लांट में आग लग गई और आसपास की जमीन हिलने लगी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बॉयलर बदलते समय क्रेन भट्ठी में गिर गई थी। आखिर इतनी बड़ी दुर्घटना कैसे हुई? क्या सुरक्षा में लापरवाही इसके लिए जिम्मेदार थी? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...

विज्ञापन
राष्ट्रपति एर्दोआन ने हादसे पर क्या कहा? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तुर्किये के पश्चिमी हिस्से में सोमवार को एक स्टील प्लांट में भीषण धमाका होने से 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। धमाके के बाद प्लांट में भीषण आग लग गई और आसमान में धुएं का गुबार उठने लगा। हादसा इजमिर प्रांत के अलियागा में स्थित हाबास (एचएबीएएस) आयरन एंड स्टील प्लांट में हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोगों को भूकंप जैसा झटका महसूस हुआ। घटना के बाद आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ बचाव अभियान शुरू किया।

विज्ञापन


स्टील प्लांट में कैसे हुआ इतना बड़ा धमाका?
इजमिर प्रांत के गवर्नर सुलेमान एल्बान ने हादसे के शुरुआती कारणों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्लांट में एक बॉयलर बदलने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक क्रेन भट्ठी में गिर गई। इसके कारण पास की स्टील मिल में जोरदार धमाका हो गया। गवर्नर के मुताबिक, बॉयलर बदलने के लिए उत्पादन बंद किया गया था। इसलिए हादसे के समय आसपास सामान्य तौर पर मौजूद रहने वाले 300 कर्मचारियों की जगह करीब 200 कर्मचारी थे। गवर्नर कार्यालय के अनुसार, धमाका स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे हुआ। इसके बाद प्लांट के अंदर आग तेजी से फैल गई और बचाव कार्य शुरू किया गया।

धमाके के बाद मौके पर कैसे थे हालात?
तुर्किये के समाचार चैनल एनटीवी ने धमाके के तुरंत बाद की तस्वीरें दिखाईं। इनमें प्लांट के अंदर भीषण आग लगी दिखाई दी और धुएं का ऊंचा गुबार उठ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका बेहद तेज था। सरकारी समाचार एजेंसी अनादोलु के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शी नूरी अली उल्कर ने कहा कि धमाके से जमीन हिल गई और झटका बहुत तेज था। वहीं, एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी डेनिज उल्कर ने बताया कि उन्हें ऐसा लगा जैसे उनके पैरों के नीचे धरती खिसक रही हो। उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्हें लगा कि भूकंप आया है। धमाके के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।
विज्ञापन


राष्ट्रपति एर्दोआन ने हादसे पर क्या कहा?
तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोआन ने कैबिनेट की निर्धारित बैठक के बाद टेलीविजन पर दिए संबोधन में हादसे की जानकारी दी। उन्होंने 16 लोगों की मौत और 13 के घायल होने की पुष्टि की। राष्ट्रपति ने कहा कि घायलों में दो की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि धमाके की न्यायिक और प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है। एर्दोआन ने कहा कि यह दुखद घटना पूरे देश के लिए गहरे दुख का कारण बनी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हादसे की वजह, परिस्थितियों और इसमें किसी की लापरवाही या जिम्मेदारी की पूरी जांच की जाएगी।

बचाव अभियान और जांच में क्या सामने आया?
हादसे के बाद गृह मंत्री मुस्तफा चिफ्तची ने बताया कि आपातकालीन टीमें आग बुझाने और हताहतों की तलाश में जुटी रहीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है। न्याय मंत्री अकिन गुरलेक ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार सरकारी अभियोजकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, निजी समाचार एजेंसी डेमिरोरेन के मुताबिक, धमाके के सिलसिले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, हादसे में किसकी लापरवाही थी और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

जिस प्लांट में धमाका हुआ, उसकी क्या खासियत है?
हाबास स्टील प्लांट की स्थापना वर्ष 1987 में हुई थी। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, इसकी सालाना उत्पादन क्षमता 45 लाख टन स्टील है। यह प्लांट इजमिर प्रांत के अलियागा क्षेत्र में स्थित है। अलियागा अपने बड़े बंदरगाह और पुराने जहाजों को तोड़ने के उद्योग के लिए जाना जाता है। आलोचकों का आरोप है कि जहाज तोड़ने की गतिविधियों से पर्यावरण को काफी नुकसान पहुंचा है। इसी कारण यहां के जहाज तोड़ने वाले केंद्र को यूरोपीय संघ की जहाज पुनर्चक्रण सुविधाओं की सूची से हटाने की मांग भी उठती रही है।

जलवायु सम्मेलन के बीच हुए हादसे का क्या महत्व है?
तुर्किये में यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब भूमध्य सागर के तट पर स्थित अंताल्या में विश्व नेता और पर्यावरण कार्यकर्ता जलवायु परिवर्तन को रोकने के उपायों पर बातचीत के लिए जुटे हैं। इसी बीच देश के एक बड़े स्टील प्लांट में हुए धमाके ने औद्योगिक सुरक्षा का मुद्दा सामने ला दिया है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों का इलाज और हादसे के कारणों का पता लगाना है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि क्रेन भट्ठी में कैसे गिरी और क्या सुरक्षा नियमों का पालन करने में कोई लापरवाही हुई थी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें