ट्यूनीशिया में लकड़ी की नाव से 394 प्रवासियों को बचाते हुए
- फोटो : twitter
ट्यूनीशियाई जल क्षेत्र के भूमध्य सागर में रविवार को खतरनाक तरह से प्रवासियों से भरी एक लकड़ी की नौका से 394 लोगों को बचाया गया है। मानवीय बचाव कार्यों से जुड़े फ्रांस और जर्मनी के दो जहाजों ने इस ऑपरेशन में लगभग छह घंटे की मशक्कत के बाद लोगों को सकुशल निकाला। बचाए गए प्रवासियों में मुख्य रूप से मोरक्को, बांग्लादेश, मिस्र और सीरिया के नागरिक थे। समाचार एजेंसी ने रविवार को यह जानकारी दी है।
उत्तरी अफ्रीकी तट से 68 किमी (42 मील) दूर ट्यूनीशियाई जल क्षेत्र में प्रवासियों से बेहद खतरनाक तरीके से भरी इस लकड़ी की नौका का इंजन खराब हो गया था। साथ ही नौका में पानी भी भर रहा था। जर्मन और फ्रांसीसी एनजीओ जहाजों सी-वॉच 3 और ओशन वाइकिंग ने बाचवा कार्य को अंजाम दिया।
अभियान की कमान सी-वॉच 3 ने संभाली और 141 को निकाला। वहीं नौका के अन्य लोगों को ओशन वाइकिंग ने निकाला। अभियान को बाद में जर्मन एनजीओ के जहाज यॉट नादिर ने भी सहयोग दिया। हालांकि नौका में सवार प्रवासियों में किसी की मौत या घायल होने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
हाल के महीनों में मौसम की स्थिति में सुधार की वजह से लीबिया और ट्यूनीशिया से इटली और यूरोप के अन्य हिस्सों के लिए प्रवासियों का आवागमन बहुत बढ़ गया है। संयुक्त राष्ट्र से संबद्ध अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन के अनुसार इस वर्ष अफ्रीका और मध्य पूर्व में संघर्ष और गरीबी से भागे 1100 से अधिक लोग इसी तरह से भूमध्य सागर में मारे गए हैं।