US: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 25 फीसदी टैरिफ में राहत देने का एलान किया है, जिसका लाभ ऑटो क्षेत्र को हो सकता है। इस फैसले से कारों और ऑटो पार्ट्स की कीमतें कम हो सकती हैं, जिससे अमेरिका में बनी कारों की वैश्विक प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और फैक्ट्री में रोजगार बढ़ सकता है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 25 फीसदी टैरिफ में राहत देने का एलान किया है। इससे ऑटो क्षेत्र को लाभ हो सकता है। व्हाइट हाउस ने बताया कि ट्रंप मंगलवार को इस संबंध में एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करेंगे। टैरिफ के कारण कारों और ऑटो पार्ट्स की कीमतें बढ़ने लगी थीं, जिससे अमेरिका में बने वाहनों की वैश्विक प्रतिस्पर्धा घट सकती थी और फैक्ट्री में रोजगार पर खतरा मंडरा रहा था।
विज्ञापन
उद्योग पर टैरिफ का असर
स्वतंत्र रिपोर्ट और ऑटो कंपनियों का कहना था कि टैरिफ की वजह से नई कारें महंगी हो जाएंगी। बिक्री घट सकती है, जिससे उत्पादन भी प्रभावित होगा। इससे अमेरिकी कार उद्योग की वैश्विक बाजार में हिस्सेदारी घट सकती है। केली ब्लू बुक के मुताबिक, एक नई कार की औसत कीम मार्च में 47,462 डॉलर थी। एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप के पुराने टैरिफ से हर कार की कीमत लगभग 4,700 डॉलर तक बढ़ सकती थी।
सरकार ने क्या कहा?
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने बताया कि ट्रंप मंगलवार को आदेश पर हस्ताक्षर करेंगे। हालांकि उन्होंने ज्यादा विवरण नहीं दिया। वहीं, वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा, हमारा लक्ष्य है कि ऑटो कंपनियां अमेरिका में ज्यादा फैक्ट्रियां खोलें, तेजी से उत्पादन करें और नौकरियां बढ़ाएं।
कंपनियों ने की फैसले की सराहना
स्टेलेंटिस कंपनी के प्रमुख जॉन एल्कान ने कहा कि वे राष्ट्रपति के इस राहत वाले फैसले की सराहना करते हैं और अमेरिका के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं। जनरल मोटर्स (जीएम) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मैरी बारह ने कहा, हम राष्ट्रपति ट्रंप के समर्थन के लिए आभारी हैं। यह फैसला जीएम जैसी कंपनियों को अमेरिका में और अधिक निवेश करने का मौका देगा।
इस फैसले से क्या होगा?
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, अब टैरिफ को इस तरह लागू किया जाएगा कि एक ही वाहन पर बार-बार टैक्स न लगे। अमेरिका में गाड़ी बनाने के लिए जरूरी पार्ट्स पर टैरिफ घटेगा। यह बदलाव पिछले टैरिफ पर भी लागू होंगे यानी यह पिछली तारीख से प्रभावी होंगे। अमेरिका में ऑटो क्षेत्र लाखों लोगों को रोजगार देता है।