अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ होने वाली उनकी मुलाकात का मकसद रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने का रास्ता तलाशना है। उन्होंने दावा किया कि अगर वह राष्ट्रपति होते, तो यह युद्ध कभी शुरू ही नहीं होता। ट्रंप ने यह भी कहा कि वह पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच अपनी मौजूदगी में दूसरी बैठक कराने के लिए तैयार हैं, बशर्ते पहली बैठक से सकारात्मक नतीजे मिलें।
'मैं राष्ट्रपति होता, तो यह युद्ध कभी नहीं होता'
इस हफ्ते के अंत में राष्ट्रपति पुतिन के साथ अपनी आगामी बैठक के बारे में, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'यह बाइडन का काम है, मेरा नहीं। उन्होंने हमें इस स्थिति में डाला। अगर मैं राष्ट्रपति होता, तो यह युद्ध कभी नहीं होता। लेकिन जो है, सो है। मैं इसे ठीक करने आया हूं... अगर हम बहुत से लोगों की जान बचा सकें, तो यह बहुत बड़ी बात होगी। मैंने पिछले छह महीनों में पांच युद्ध रोके हैं। इसके अलावा, हमने ईरान की परमाणु क्षमता को नष्ट कर दिया है, उसे नष्ट कर दिया है... अगर पहली बैठक ठीक रही, तो हम जल्दी से दूसरी बैठक करेंगे। मैं इसे लगभग तुरंत करना चाहूंगा। अगर वे मुझे वहां बुलाना चाहेंगे, तो हम राष्ट्रपति पुतिन, राष्ट्रपति जेलेंस्की और मेरे बीच एक त्वरित दूसरी बैठक करेंगे।'
उन्होंने आगे कहा, 'यह तो तय ही था, मैं राष्ट्रपति पुतिन से मिलने वाला था और उसके बाद मैं राष्ट्रपति जेलेंस्की से मिलूंगा। इस बात की बहुत अच्छी संभावना है कि हमारी दूसरी बैठक होगी। पहली बैठक से ज्यादा कारगर होगी क्योंकि पहली बैठक में मैं यह पता लगाऊंगा कि हम कहां हैं और क्या कर रहे हैं। अगर पहली बैठक ठीक रही, तो हम जल्दी से दूसरी बैठक करेंगे। मैं इसे लगभग तुरंत करना चाहूंगा।'
क्या है अमेरिकी राष्ट्रपति की योजना?
ट्रंप ने बताया कि पहले वह पुतिन से आमने-सामने मुलाकात करेंगे, फिर जेलेंस्की से फोन पर बात करेंगे। अगर पहली बैठक सफल रही, तो तुरंत दूसरी बैठक आयोजित होगी, जिसमें तीनों (ट्रंप, पुतिन और जेलेंस्की) शामिल होंगे। उन्होंने यह भी साफ किया कि अगर उन्हें पहली बैठक से संतोषजनक जवाब नहीं मिले, तो दूसरी बैठक नहीं होगी। इस दौरान ट्रंप ने युद्ध खत्म करने का वादा करते हुए कहा कि अगर पुतिन युद्ध रोकने पर सहमत नहीं हुए, तो 'बहुत कड़े नतीजे' होंगे।
बैठक से पहले धोखा दे रहे हैं पुतिन- जेलेंस्की
वहीं बुधवार को यूरोपीय नेताओं के साथ एक वर्चुअल बैठक में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि ट्रंप ने 'बहुत स्पष्ट' कहा कि अमेरिका अलास्का में होने वाले आगामी अमेरिका-रूस शिखर सम्मेलन में युद्धविराम चाहता है। उसी बैठक में, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने समूह को बताया कि पुतिन ट्रंप के साथ निर्धारित बैठक से पहले धोखा दे रहे हैं। जेलेंस्की ने कहा कि पुतिन 'यूक्रेनी मोर्चे के सभी क्षेत्रों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं' ताकि यह दिखाया जा सके कि रूस 'पूरे यूक्रेन पर कब्जा करने में सक्षम है।' जेलेंस्की ने कहा, पुतिन प्रतिबंधों के बारे में भी धोखा दे रहे हैं, 'जैसे कि वे उनके लिए कोई मायने नहीं रखते और अप्रभावी हैं। वास्तव में, प्रतिबंध बहुत मददगार हैं और रूस की युद्ध अर्थव्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर रहे हैं।'