फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Donald Trump: जॉन एफ कैनेडी की हत्या से जुड़ी सभी फाइलें बिना संशोधन के की जाएंगी जारी, ट्रंप प्रशासन का फैसला

Tue, 18 Mar 2025 09:17 PM IST
पवन पांडेय वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, डेलास

सार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा के बाद अब पूरी दुनिया की नजरें इन पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति के हत्याकांड के दस्तावेजों पर टिकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या इन फाइलों से जॉन एफ. कैनेडी की हत्या का कोई नया रहस्य उजागर होगा या फिर पहले की तरह अनसुलझे सवाल ही बने रहेंगे।
विज्ञापन
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि उनकी सरकार 1963 में राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी (जेएफके) की हत्या से जुड़ी सभी गोपनीय फाइलों को बिना किसी संपादन या संशोधन के सार्वजनिक करेगी। मंगलवार को 80,000 दस्तावेज जारी किए जाएंगे, जिससे इस ऐतिहासिक घटना से जुड़े कई नए तथ्य सामने आ सकते हैं। इसे लेकर ट्रंप ने कहा, 'हमारे पास ढेर सारे दस्तावेज हैं। आपको बहुत कुछ पढ़ने को मिलेगा। मैंने साफ कह दिया था कि कुछ भी छिपाया नहीं जाएगा।' हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि इन दस्तावेजों में कोई बहुत बड़ा खुलासा होने की संभावना नहीं है। फिर भी, पूर्व राष्ट्रपति कैनेडी की हत्या से जुड़ी साजिशों और रहस्यों को लेकर दुनियाभर में गहरी दिलचस्पी बनी हुई है।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें - US: डोनाल्ड ट्रंप ने बाइडन परिवार के वयस्क बच्चों के लिए सीक्रेट सर्विस सुरक्षा समाप्त की, जानें पूरा मामला

कैसे हुई जॉन एफ. कैनेडी की हत्या?
22 नवंबर 1963 को अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी और प्रथम महिला जैकलिन कैनेडी के विमान ने डेलास, टेक्सास में लैंड किया। वे अगले साल होने वाले चुनावों के लिए प्रचार कर रहे थे और इस यात्रा का उद्देश्य राजनीतिक समर्थन हासिल करना था। जैसे ही उनकी कार शहर के बीच से गुजर रही थी, टेक्सास स्कूल बुक डिपॉजिटरी भवन की छठी मंजिल से गोलियां चलाई गईं। गोली लगने के बाद राष्ट्रपति कैनेडी का मौके पर ही निधन हो गया।
विज्ञापन


ली हार्वे ओसवाल्ड पर लगा था आरोप
इस हत्याकांड के लिए पुलिस ने 24 वर्षीय ली हार्वे ओसवाल्ड को हत्याकांड का दोषी ठहराया। वहीं इस वारदात के दो दिन बाद, नाइट क्लब के मालिक जैक रूबी ने ओसवाल्ड को जेल ट्रांसफर के दौरान गोली मार दी, जिससे वह अपनी सफाई भी नहीं दे सका। फिर 1964 में, वॉरेन कमीशन ने निष्कर्ष दिया कि ओसवाल्ड ने अकेले इस हत्या को अंजाम दिया था, लेकिन इसके बावजूद हत्या से जुड़ी साजिशों और षड्यंत्रों की कहानियां दशकों से चलती आ रही हैं।

कैनेडी की हत्या से जुड़ी फाइलों का खुलासा
1990 के दशक में अमेरिकी सरकार ने फैसला किया था कि कैनेडी की हत्या से जुड़े सभी दस्तावेजों को राष्ट्रीय अभिलेखागार में रखा जाएगा और 2017 तक इन्हें सार्वजनिक कर दिया जाएगा। हालांकि, 2017 में राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप ने कुछ दस्तावेजों को राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों से रोक दिया था। अब उन्होंने वादा किया है कि इस बार कोई भी फाइल गोपनीय नहीं रखी जाएगी।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें - America: ट्रंप ने मिशेल बोमन को फेडरल रिजर्व का शीर्ष नियामक नामित किया, अब चाहिए होगी सीनेट की मंजूरी

अब तक क्या पता चला है?
  • ली हार्वे ओसवाल्ड का सोवियत संघ और क्यूबा से कनेक्शन
अमेरिकी राष्ट्रपति कैनेडी की हत्या से कुछ हफ्ते पहले, ओसवाल्ड ने मेक्सिको सिटी में सोवियत और क्यूबाई दूतावासों का दौरा किया था। उसने सोवियत संघ की यात्रा के लिए वीजा मांगा था और क्यूबा में ठहरने की अनुमति भी मांगी थी। वहीं अमेरिका लौटने से पहले उसने सोवियत खुफिया एजेंसी केजीबी के एक अधिकारी से संपर्क किया था।
  • हत्या के पीछे किसी साजिश का संकेत?
इस हत्याकांड को लेकर पहले जारी दस्तावेजों में यह बताया गया कि कैनेडी की हत्या के अगले दिन, अमेरिका ने एक फोन कॉल इंटरसेप्ट किया था, जिसमें ओसवाल्ड और केजीबी अधिकारी के बीच बातचीत का जिक्र था। यह भी पता चला कि ओसवाल्ड पहले एक मरीन सैनिक था और कुछ समय के लिए सोवियत संघ में रह चुका था। हालांकि, अब भी यह स्पष्ट नहीं हो सका कि क्या यह हत्या एक बड़े षड्यंत्र का हिस्सा थी या केवल ओसवाल्ड व्यक्तिगत रूप से शामिल था।
  • क्या दस्तावेजों से कोई नया राज खुलेगा?
विशेषज्ञों का मानना है कि इन दस्तावेजों से शीत युद्ध के समय अमेरिका की खुफिया एजेंसियों की गतिविधियों के बारे में नई जानकारी मिल सकती है। हाल ही में एफबीआई ने कैनेडी हत्या से जुड़े 2,400 नए रिकॉर्ड खोजे हैं, जिन्हें अब राष्ट्रीय अभिलेखागार में स्थानांतरित किया जा रहा है। हालांकि, 500 गोपनीय दस्तावेज, जिनमें कर विवरण जैसी जानकारियां शामिल हैं, अभी भी गोपनीय रह सकते हैं।
  • कैनेडी की हत्या और षड्यंत्र के कई सिद्धांत
अमेरिकी राष्ट्रपति कैनेडी की हत्या के बाद से ही कई षड्यंत्र सिद्धांत प्रचलित हैं, जिनमें पहला सीआईए की साजिश- कुछ लोग मानते हैं कि सीआईए ने जेएफके की हत्या करवाई क्योंकि वे उनकी नीतियों से नाखुश थे। दूसरा माफिया कनेक्शन- कुछ सिद्धांतों के अनुसार, कैनेडी प्रशासन ने माफिया के खिलाफ कार्रवाई की थी, जिससे वे नाराज थे। तीसरा सोवियत संघ या क्यूबा की भूमिका- क्योंकि मुख्य आरोपी ओसवाल्ड के सोवियत संघ और क्यूबा से संपर्क थे, इस बात की अटकलें लगती हैं कि कहीं वे इस हत्या के पीछे तो नहीं थे। चौथा हत्याकांड में एक से ज्यादा शूटर शामिल थे- कुछ गवाहों ने दावा किया कि गोली एक से ज्यादा दिशाओं से आई थी, जिससे यह संदेह पैदा हुआ कि केवल ओसवाल्ड ही हत्यारा नहीं था।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें