अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का ध्यान भले ही इन दिनों पश्चिम एशिया में केंद्रित है, लेकिन देश में हो अहम घटनाक्रम पर भी उनकी नजर बनी हुई है। बता दें कि, ट्रंप ने होमलैंड सिक्योरिटी विभाग की प्रमुख क्रिस्टी नोएम को उनके पद हटाने का फैसला किया है। जानें क्या है मामला और ट्रंप ये बदलाव क्यों कर रहे हैं...
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी सरकार में बड़ा बदलाव करते हुए होमलैंड सिक्योरिटी विभाग की प्रमुख क्रिस्टी नोएम को पद से हटाने का फैसला किया है। ट्रंप ने घोषणा की है कि उनकी जगह ओक्लाहोमा से रिपब्लिकन सीनेटर मार्कवेन मुलिन को इस पद के लिए नामित किया जाएगा। ट्रंप ने यह जानकारी गुरुवार को सोशल मीडिया के जरिए दी।
अमेरिकी संसद में नोएम से हुई कड़ी पूछताछ
राष्ट्रपति ट्रंप का यह फैसला उस समय आया है जब नोएम को हाल ही में अमेरिकी संसद में कड़ी पूछताछ का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस की सुनवाई के दौरान रिपब्लिकन और डेमोक्रेट- दोनों दलों के सांसदों ने उनसे कई सवाल किए थे, खासकर अमेरिका की सख्त आव्रजन नीति और सीमा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर। इन नीतियों को लेकर देश में कई जगह विरोध प्रदर्शन भी हुए और कई कानूनी चुनौतियां भी सामने आईं।
विज्ञापन
ट्रंप ने क्रिस्टी नोएम को दी नई जिम्मेदारी
हालांकि राष्ट्रपति ट्रंप ने नोएम को पूरी तरह सरकार से बाहर नहीं किया है। उन्होंने कहा है कि नोएम को एक नई जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्हें 'शील्ड ऑफ द अमेरिका' नाम की नई सुरक्षा पहल के लिए विशेष दूत बनाया जाएगा। ट्रंप के अनुसार यह पहल पश्चिमी गोलार्ध यानी अमेरिका महाद्वीप के देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने पर केंद्रित होगी।
ट्रंप 2.0 में कैबिनेट बाहर होने वाली पहली मंत्री बनीं नोएम
इसके साथ ही क्रिस्टी नोएम ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में कैबिनेट छोड़ने वाली पहली मंत्री बन गई हैं। उनका कार्यकाल काफी विवादों और चुनौतियों से भरा रहा, खासकर सीमा सुरक्षा और अवैध आव्रजन के मुद्दों को लेकर। अब अगर सीनेट मंजूरी देती है तो मार्कवेने मुलिन अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।