राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में चुनाव और सामाजिक नीतियो में बड़े बदलाव की अपनी मांग दोहराई है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में 'सेव अमेरिका एक्ट' नाम का प्रस्ताव रखा।
इसमें चुनाव से जुड़े सख्त नियमों का जिक्र किया गया है। प्रस्ताव में हर मतदाता के लिए मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी) दिखाना अनिवार्य करने, वोट डालने के लिए अमेरिकी नागरिकता का प्रमाण देने और डाक के जरिये मतदान पर पाबंदी लगाने जैसे सुझाव शामिल हैं। इसके साथ ही ट्रंप ने खेलों में ट्रांसजेंडर समुदाय की भागीदारी और नाबालिगों से जुड़ी मेडिकल प्रक्रियाओं पर भी अपनी राय रखी।
राष्ट्रपति ट्रंप ने क्या सुझाव दिए हैं?
अपने पोस्ट में ट्रंप ने कई उपाय गिनाए। उनके मुताबिक इन उपायों को चुनाव और सामाजिक मुद्दों को संभालने के लिए लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने 'द सेव अमेरिका एक्ट' लिखा और इसके बाद अपने प्रस्ताव के बिंदुओं की सूची दी।
ट्रंप ने कहा कि सभी मतदाताओं को वोट देने से पहले वोटर पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हर मतदाता को वोट डालने के लिए अमेरिकी नागरिकता का प्रमाण देना जरूरी होना चाहिए।
उन्होंने गैरहाजिर या डाक के जरिये वोट देने पर भी कड़ी सीमाएं लगाने की बात कही। ट्रंप ने लिखा कि सामान्य तौर पर डाक के जरिये मतदान नहीं होना चाहिए, केवल बीमारी, दिव्यांगता, सेना में सेवा या यात्रा जैसी खास परिस्थितियों में ही इसकी अनुमति दी जानी चाहिए।
ये भी पढ़ें:
ईरान में अब किसकी सरकार?: ट्रंप का ताजा बयान- नेतृत्व के चयन में मेरी भूमिका जरूरी; मोजतबा खामेनेई मंजूर नहीं
चुनावी नियमों के अलावा ट्रंप ने लैंगिक मुद्दों पर भी अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि पुरुषों को महिलाओं के खेलों में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि बच्चों के लिए ट्रांसजेंडर सर्जरी तब तक नहीं होनी चाहिए, जब तक माता-पिता की स्पष्ट लिखित अनुमति न हो।
हालांकि, ट्रंप ने यह नहीं बताया कि इन उपायों को कब और कैसे लागू किया जा सकता है। लेकिन इसी तरह के प्रस्तावों पर रिपब्लिकन नेताओं के बीच राज्य और संघीय स्तर पर पहले भी चर्चा होती रही है। यह पोस्ट ऐसे समय में आई है, जब अमेरिका में मतदान के नियमों, खेलों में ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों की भागीदारी और नाबालिगों के मेडिकल उपचार जैसे मुद्दों पर राजनीतिक बहस काफी तेज हो गई है।