अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ देश के अगले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नहीं होंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या वह पोम्पिओ से जॉन बोल्टन की जगह लेने के लिए कहेंगे, इस पर ट्रंप ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा कि वह (पोम्पिओ) वहां अपने साथ किसी के रहने का समर्थन करते हैं और मैं भी। ट्रंप ने पोम्पिओ को शानदार शख्स बताया और कहा कि वह उनके साथ बहुत अच्छी तरह काम कर रहे हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वह देश की राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ समन्वय करने के काम को लेकर 15 उम्मीदवारों की समीक्षा कर रहे हैं।
बोल्टन को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पद से हटाए जाने के बाद से मीडिया में अटकलें लगाई जा रही हैं कि ट्रंप पोम्पिओ को विदेश मंत्री के साथ साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार का पद भी संभालने के लिए कह सकते हैं।
ट्रंप ने पहले कहा था कि वह पांच उम्मीदवारों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्हें अगले हफ्ते तक इन पांचों में से किसी एक का चुनाव करना है। ऐसी चर्चा थी कि पोम्पियो अमेरिका के शीर्ष राजनयिक और राष्ट्रपति के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, दोनों हो सकते हैं, पहले भी हेनरी किसिंजर पूर्व राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन के साथ इस प्रकार कार्य कर चुके हैं।