सार
Trump on Nuclear Dust: राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि ईरान का संवर्धित यूरेनियम या तो अमेरिका को सौंपकर नष्ट किया जाएगा, या ईरान के सहयोग से वहीं खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय परमाणु एजेंसी की निगरानी में होगी, ताकि परमाणु हथियारों के खतरे को रोका जा सके और पारदर्शिता बनी रहे।
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के संवर्धित यूरेनियम को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि इस परमाणु सामग्री, जिसे उन्होंने 'न्यूक्लियर डस्ट' कहा, को या तो तुरंत अमेरिका को सौंप दिया जाएगा ताकि उसे वहां ले जाकर पूरी तरह नष्ट किया जा सके, या फिर बेहतर विकल्प के तौर पर ईरान के साथ मिलकर उसी जगह पर नष्ट किया जाएगा। ट्रंप के मुताबिक, इस प्रक्रिया की निगरानी किसी परमाणु एजेंसी, जैसे एटॉमिक एनर्जी कमीशन या उसके समान किसी अंतरराष्ट्रीय संस्था की मौजूदगी में की जाएगी। उनका कहना है कि पूरी कार्रवाई पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए ताकि दुनिया को भरोसा रहे कि इस परमाणु सामग्री का इस्तेमाल हथियार बनाने में नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें-
प. एशिया संकट: ईरान बोला- US के साथ कई मुद्दों पर बनी सहमति, समझौते को अंतिम रूप देने की समयसीमा तय नहीं
क्या है संवर्धित यूरेनियम?
दरअसल, संवर्धित यूरेनियम वही पदार्थ होता है जिसका इस्तेमाल परमाणु ऊर्जा बनाने के साथ-साथ परमाणु बम तैयार करने में भी किया जा सकता है। इसी वजह से अमेरिका और पश्चिमी देशों को लंबे समय से ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर चिंता रही है। ट्रंप के बयान को ईरान पर दबाव बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। उनका कहना है कि अगर यूरेनियम को नष्ट कर दिया जाता है तो इससे पश्चिम एशिया में परमाणु खतरा कम होगा और क्षेत्र में स्थिरता बढ़ सकती है। हालांकि, अभी तक ईरान की ओर से इस बयान पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें-
Report: परमाणु समझौते पर बढ़ी उम्मीद, लेकिन मतभेद कायम; शांति समझौते की राह में अब भी कई बड़ी बाधाएं
ट्रंप ने 13 अमेरिकी सैनिकों का दी श्रद्धांजलि
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मेमोरियल डे के मौके पर पश्चिम एशिया में ईरान के साथ संघर्ष के दौरान मारे गए 13 अमेरिकी सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। ट्रंप ने कहा कि इन जवानों ने अपनी जान इसलिए कुर्बान की ताकि ईरान कभी परमाणु हथियार हासिल न कर सके। उन्होंने दोहराया कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार नहीं मिलेगा। वॉशिंगटन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका ने बहादुर सैनिकों को खोया है, लेकिन उनकी कुर्बानी बेकार नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस संघर्ष में आखिरकार जीत हासिल करेगा। ट्रंप ने इस दौरान शहीद अमेरिकी अधिकारी कैप्टन एरियाना जी. सविन के परिवार को भी सम्मानित किया और कहा कि देश हमेशा उनके बलिदान का ऋणी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि हाल के संघर्षों में अमेरिका ने कई बड़ी सैन्य सफलताएं हासिल की हैं।