अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)
- फोटो : White House
अमेरिका में अफ्रीकी मूल के अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड की पुलिस हिरासत में मौत के बाद से देश भर में जारी विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि इससे बेहतर पुलिस अभ्यास को प्रोत्साहन मिलेगा। लेकिन उन्होंने अश्वेतों की पुलिस की तरफ से की जा रही हत्या से नस्लवाद को लेकर उठे विवाद पर चुप्पी रखी और जिक्र तक नहीं किया।
रोज गार्डन में हस्ताक्षर कार्यक्रम से पहले ट्रंप ने पुलिस के साथ झड़प में मारे गए अनेकों अश्वेत अमेरिकियों के परिजनों से मुलाकात भी की। उन्होंने मृतकों के लिए दुख जताया और परिजनों के प्रति सांत्वना प्रकट की। लेकिन इसके बाद उन्होंने तुरंत अपना टोन बदला और पुलिस को सम्मान और समर्थन की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सुरक्षा के लिए नीले रंग के पोशाक में साहसी और वीर पुरुष-महिलाओं को सम्मान और समर्थन की आवश्यकता है।
ट्रंप ने कहा, ‘अपराध कम करना और मानकों में सुधार विरोधाभासी लक्ष्य नहीं हैं।’ नस्लवाद पर चुप्पी रखने को लेकर अमेरिका में ट्रंप की आलोचना की जा रही है।
हिंसक तत्वों की निंदा और पुलिस की प्रशंसा की
राष्ट्रपति ट्रंप ने भले ही नस्लवाद पर कोई बयान न दिया हो लेकिन यह जरूर कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के दौरान हिंसा करने वाले लोगों की हरकतें निंदनीय हैं। उन्होंने नि:स्वार्थ सेवा करने वाले पुलिसकर्मियों की प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा, शासकीय आदेश के तहत एक ऐसा डाटाबेस तैयार किया जाएगा, जो उन पुलिस अधिकारियों की जानकारी रखेगा, जिनके खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग की शिकायतें है।