अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के साथ शुक्रवार को फोन पर हुई बातचीत में भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव को द्विपक्षीय वार्ता के जरिए कम करने के महत्व पर बल दिया। ट्रंप और इमरान के बीच फोन पर बातचीत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के 15 सदस्य देशों के बीच बंद दरवाजे में चर्चा से पहले हुई। व्हाइट हाउस की ओर से फोन कॉल के बारे में बयान न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में बैठक समाप्त होने के बाद जारी किया गया।
व्हाइट हाउस के उप प्रेस सचिव होगान गिडले ने एक बयान में कहा, राष्ट्रपति ने जम्मू-कश्मीर में स्थिति के संबंध में भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय वार्ता के जरिए तनाव कम करने का महत्व बताया।
व्हाइट हाउस ने कहा कि ट्रंप ने क्षेत्रीय घटनाक्रम पर चर्चा करने और पिछले महीने खान की वाशिंगटन की यात्रा के बारे में चर्चा करने के लिए बातचीत की। गिडले ने कहा कि दोनों नेताओं ने अमेरिका और पाकिस्तान के बीच बढ़ते संबंधों को आगे बढाने के तरीकों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने इसके साथ ही व्हाइट हाउस में हाल में हुई बैठक के दौरान संबंधों को मिली गति के बारे में भी चर्चा की।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने इस्लामाबाद में कहा कि खान ने भारत सरकार द्वारा जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त किए जाने के बाद संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में सुरक्षा परिषद की बैठक के संबंध में अमेरिकी राष्ट्रपति को विश्वास में लिया।