राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार को अपने 'गोल्डन डोम' मिसाइल रक्षा कार्यक्रम की रूपरेखा पेश कर सकते हैं। यह रक्षा मंत्रालय की ओर से सुझाए गए सबसे महंगे विकल्पों में से एक नहीं है। फिर भी इसमें जनता के अरबों डॉलर खर्च होंगे और इसे हकीकत बनने में कई साल लगेंगे।
अगर यह योजना पूरी होती है, तो यह पहली बार होगा जब अमेरिका अंतरिक्ष में ऐसे हथियार तैनात करेगा, जो उड़ान के दौरान दुश्मन की मिसाइल को नष्ट कर सकेंगे। यह भी उम्मीद है कि ट्रंप यह घोषणा करेंगे कि जनरल माइकल गुएटलिन गोल्डन डोम कार्यक्रम की प्रगति की निगरानी के जिम्मेदार होंगे। माइकल गुएटलिन अभी अंतरिक्ष संचालन (स्पेस ऑपरेशंस) के उप प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं।
ये भी पढ़ें: ब्रिटेन ने इस्राइल के साथ एफटीए वार्ता रोकी, वेस्ट बैंक में अवैध यहूदी बस्तियों पर लगाए नए प्रतिबंध
गोल्डन डोम के कार्यक्रम में जमीन और अंतरिक्ष आधारित तकनीकों को शामिल किया जाएगा, जो किसी संभावित हमले के इन चारों मुख्य चरणों में मिसाइलों को पहचानने और रोकने में सक्षम होंगी-
- लॉन्च से पहले उन्हें पहचानना और नष्ट करना,
- उड़ान की शुरुआत में उन्हें रोकना,
- हवा में उनके बीच के रास्ते में उन्हें रोकना,
- या अंतिम क्षणों में, जब वे लक्ष्य की ओर नीचे गिर रही हों, तब उन्हें रोकना।
पिछले कुछ महीनों से पेंटागन के अधिकारी ऐसे विकल्प तैयार कर रहे हैं, जिनमें अंतरिक्ष से मिसाइलों को रोकने वाली तकनीकें शामिल होंगी। इन्हें तीन श्रेणियों में बांटा गया है- मंहगा, ज्यादा मंहगा और सबसे ज्यादा मंहगा और ये विकल्प उनकी लागत के आधार पर तय किए गए हैं।
ये भी पढ़ें: यूरोपीय संघ ने रूस पर नए प्रतिबंध लगाने पर दी सहमति, 200 जहाजों का शेडो बेड़ा निशाना
सरकार ने इन विकल्पों में से ज्यादा महंगे वाले विकल्प को चुना है, जिसकी शुरुआती लागत करीब 30 अरब डॉलर से 100 अरब डॉलर के बीच होगी। यह जानकारी एक अधिकारी ने गोपनीय तरीके से दी, क्योंकि यह योजना अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। तीनों विकल्पों में फर्क इस बात पर है कि अंतरिक्ष में कितने उपग्रह (सैटेलाइट) और सेंसर लगाए जाएंगे और पहली बार अंतरिक्ष में ऐसी मिसाइलें भी रखी जाएंगी जो दुश्मन की मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर सकें। जितना ज्यादा सैटेलाइट और इंटरसेप्टर लगाए जाएंगे, योजना उतनी महंगी होगी। इसीलिए अलग-अलग लागत के विकल्प बनाए गए हैं।