US: पिछले महीने हुए एक हवाई हादसे के बाद डोनाल्ड ट्रंप सरकार ने एफएए के सैकड़ों कर्मचारियों को नौकरी से निकालना शुरू कर दिया है। कर्मचारियों को बिना किसी कारण के नौकरी से हटाया गया है, जबकि एफएए एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स की कमी का सामना कर रहा है।
अमेरिका की डोनाल्ड ट्रंप सरकार ने संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) के सैकड़ों कर्मचारियों की नौकरी से छंटनी करनी शुरू कर दी है। यह कदम व्यस्त हवाई यात्रा साप्ताहांत में उठाया गया। रोनाल्ड रीगन वॉशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट पर पिछले महीने हवा में हुई विमानों की टक्कर के बाद अब यह कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन
व्यावसायिक विमानन व्यवसाय विशेषज्ञ संघ के प्रमुख डेविड स्पेगो ने एक बयान में कहा कि शुक्रवार देर रात से अस्थायी कर्मचारियों को ईमेल भेजे गए, जिनमें बताया कि उन्हें नौकरी से हटा दिया गया है। एक एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) ने नाम न छापने की शर्त पर 'एसोसिएटेड प्रेस' को बताया कि प्रभावित लोगों में वे कर्मचारी हैं, जो एफएए के रडार, लैंडिंग और नेविगेशन प्रणाली की देखभाल के लिए नियुक्त किए गए थे।
माइक्रोसॉफ्ट ईमेल पते से भेजा गया आदेश
स्पेरो ने बताया कि शुक्रवार की शाम सात बजे के बाद संदेश भेजने शुरू किए गए और देर रात तक भेजे गए। उन्होंने यह भी बताया कि अन्य कर्मचारियों को साप्ताहांत के दौरान सूचना दी जा सकती है या मंगलवार को एफएए के मुख्यालय में प्रवेश से रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को बिना किसी वजह के नौकरी से हटाया गया है। उन्हें उनके प्रदर्शन या आचरण के आधार पर नहीं निकाला गया है। उन्हें कार्यकारी आदेश माइक्रोसॉफ्ट ईमेल पते से भेजे गए थे, न कि सरकारी ईमेल पते से।
विज्ञापन
एटीसी की कमी का सामना कर रहा संघीय विमानन प्रशासन
इन अस्थायी कर्मचारियों को ऐसे समय में नौकरी से हटाया गया है, जब एफएए एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स की कमी का सामना कर रहा है। संघीय कर्मचारियों ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल प्रणाली पर अधिक दबाव और कम कर्मचारियों की स्थिति पर चिंता जताई है।
टकरा गए थे ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर और यात्री विमान
कर्मचारियों की छंटनी की वजहों में कम वेतन, लंबी शिफ्ट और अनिवार्य सेवानिवृत्ति शामिल हैं। 29 जनवरी को अमेरिकी सेना का ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर और अमेरिकी एयरलाइंस का यात्री विमान टकरा गए थे। वाणिज्यिक विमान और हेलिकॉप्टर के ट्रैफिक को एक ही कंट्रोलर संभाल रहा था, जबकि यह एक व्यस्त हवाई अड्डा है। इस मामले की अभी जांच जारी है।