फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एनवीडिया के शेयर 13% तक गिरे, फिर 5% पर संभले: जेन्सन की जगह कुक को सीईओ बनाने के पक्ष में ट्रंप; क्या कहा?

Thu, 12 Nov 2026 10:36 PM IST
निर्मल कांत वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन।

सार

एनवीडिया के सीईओ जेन्सन हुआंग के अचानक इस्तीफे से शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कंपनी के नए सीईओ के लिए एपल के टिम कुक का नाम सुझाया है। ट्रंप ने क्या कहा है? पढ़िए इस रिपोर्ट में। 
विज्ञापन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दुनिया के शेयर बाजारों में गुरुवार को हलचल मच गई, जब एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेन्सन हुआंग ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद एनवीडिया के शेयरों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बाजार खुलते ही कंपनी के शेयर करीब 13 फीसदी तक गिर गए। हालांकि, बाद में इनमें कुछ सुधार हुआ। खबर लिखे जाने तक शेयर 4 से 5 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
विज्ञापन


राष्ट्रपति ट्रंप ने क्या कहा?
इस बड़े बदलाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी राय दी। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एपल के सीईओ टिम कुक का समर्थन किया। ट्रंप ने उन्हें एनवीडिया के अगले सीईओ के लिए सही विकल्प बताया। ट्रंप ने लिखा, अब जबकि एनवीडिया के सीईओ जेन्सन हुआंग, जिन्होंने शानदार काम किया है, ने इस्तीफा दे दिया है, तो उनकी जगह लेने के लिए सिर्फ एक ही व्यक्ति है- एपल के टिम कुक। एक दिग्गज की जगह दूसरा दिग्गज लेगा।

एनवीडिया ने किसे बनाया अंतरिम सीईओ?
एनवीडिया के निदेशक मंडल ने नए अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी के नाम का एलान किया है। कंपनी की कार्यकारी उपाध्यक्ष और मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ बनाया गया है। कंपनी अब स्थायी सीईओ की तलाश करेगी। इसके लिए कंपनी के अंदर और बाहर के लोगों के नामों पर विचार किया जाएगा।
विज्ञापन


कोलेट क्रेस सितंबर 2013 से एनवीडिया की सीएफओ हैं। इससे पहले वह सिस्को और माइक्रोसॉफ्ट में भी काम कर चुकी हैं। सीएफओ की जिम्मेदारी संभालने के साथ ही वह वित्त से जुड़े अपने पुराने काम भी करती रहेंगी। 

कंपनी के प्रबंधन में क्या बदलाव हुआ?
इसी बीच एनवीडिया ने अपने प्रबंधन में भी बदलाव किया है। कंपनी ने हार्वे सी जोन्स को बोर्ड का पहला अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह कंपनी के इतिहास में पहली बार है।

कंपनी के तीसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे 17 नवंबर को आने वाले हैं। इससे पहले हार्वे जोन्स ने निवेशकों को भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा, बोर्ड को कोलेट और उनकी नेतृत्व टीम पर पूरा भरोसा है। हमें उम्मीद है कि कंपनी का कामकाज, ग्राहकों से किए गए वादे और उत्पादों से जुड़ी योजनाएं बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगी। 

कोलेट क्रेस ने क्या कहा?
कोलेट क्रेस ने भी यही बात दोहराई। उन्होंने कहा, हम उस काम को आगे बढ़ाते रहेंगे, जिसने एनवीडि या को तेज कंप्यूटिंग और एआई के क्षेत्र में अग्रणी बनाया है। साथ ही, हम आगे मिलने वाले अवसरों पर भी काम करेंगे।

ये भी पढ़ें: ट्रंप का ईरान पर बड़ा बयान: ईरान से अब समझौते की जरूरत नहीं; जेडी वेंस को दिया नया काम; क्या-क्या कहा?

ट्रंप ने टिम कुक का नाम सुझाया है। उनके इस बयान ने काफी ध्यान खींचा है। हालांकि, एनवीडिया और एपल दोनों ने इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। टिम कुक के एपल को छोड़कर एनवीडिया में जाने की संभावना पर भी दोनों कंपनियों ने कुछ नहीं कहा है। ऐसे में ट्रंप का सुझाव सिर्फ एक सार्वजनिक राजनीतिक टिप्पणी है। इसे किसी कंपनी की ओर से की गई आधिकारिक नियुक्ति की घोषणा नहीं माना जा सकता।

जेन्सन हुआंग के अचानक कंपनी छोड़ने के बाद वॉल स्ट्रीट में हलचल है। बाजार में शेयरों की भारी गिरावट पर भी नजर रखी जा रही है। अब सभी की नजरें 17 नवंबर को आने वाले एनवीडिया के वित्तीय नतीजों पर हैं। इनसे पता चलेगा कि अंतरिम नेतृत्व में कंपनी की आर्थिक स्थिति कैसी है।

मस्क ने क्या कहा?
इससे पहले दिन में दिग्गज कारोबारी एलन मस्क ने भी जेन्सन हुआंग को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें एनवीडिया के सीईओ को अपनी कंपनी में नौकरी देने का मौका मिला, तो यह उनके लिए सम्मान की बात होगी।
विज्ञापन


दरअसल, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मस्क से कहा गया था कि वह चिप बनाने वाली कंपनी एनवीडिया के सह-संस्थापक हुआंग को अपनी कंपनी में शामिल करें। इस बीच ऐसी खबरें भी आई थीं कि एनवीडिया का बोर्ड हुआंग की कंपनी में इस भूमिका पर विचार कर रहा है। इस सुझाव के जवाब में मस्क ने एक्स पर लिखा, यह सम्मान की बात होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें