अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कैमरन हैमिल्टन को फेडरल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (FEMA) का नेतृत्व करने के लिए नामित किया। यह फैसला चौंकाने वाला है क्योंकि हैमिल्टन को पिछले साल ही उनके पद से हटाया गया था। वह पूर्व नेवी सील हैं और उन्होंने पहले FEMA के अस्थायी प्रमुख के तौर पर काम किया था। उस समय उन्होंने एजेंसी को खत्म करने के विचार का विरोध किया था, जिसके बाद उन्हें पद छोड़ना पड़ा था।
ट्रंप प्रशासन का रूख बदला
ट्रंप प्रशासन के इस कदम से संकेत मिलता है कि ट्रंप प्रशासन अब FEMA को बंद करने के अपने पुराने इरादे बदल रहा है। हैमिल्टन हमेशा से कहते रहे हैं कि इस एजेंसी को बनाए रखना देश के हित में है। उनकी वापसी इसी बदलती सोच का बड़ा प्रमाण है। मंजूरी मिलने के बाद हैमिल्टन राष्ट्रपति ट्रंप और होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन के मुख्य सलाहकार के रूप में काम करेंगे। वह ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में इस एजेंसी के पहले स्थायी मुखिया होंगे। हैमिल्टन से पहले तीन लोग अस्थायी तौर पर यह जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। खुद हैमिल्टन भी जनवरी से मई 2025 तक थोड़े समय के लिए इस पद पर रहे थे।
फिलहाल FEMA की हालत काफी खराब है। क्रिस्टी नोएम के नेतृत्व में होमलैंड सिक्योरिटी विभाग में काफी विवाद और उथल-पुथल रही। FEMA इसी विभाग के तहत काम करता है। पिछले कुछ समय में एजेंसी के बहुत से अनुभवी कर्मचारियों ने काम छोड़ दिया है। कुछ सख्त नीतियों की वजह से कामकाज में भी काफी रुकावटें आईं। इसके अलावा, होमलैंड सिक्योरिटी विभाग 75 दिनों तक बंद रहा था, जो हाल ही में 30 अप्रैल को दोबारा खुला है।
हैमिल्टन के सामने चुनौतियां
हैमिल्टन को अब जल्द ही बड़ी जिम्मेदारियां निभानी होंगी। कुछ ही हफ्तों में गर्मियों का आपदा सीजन शुरू होने वाला है। उन्हें एजेंसी को इसके लिए पूरी तरह तैयार करना होगा। साथ ही, ट्रंप ने एक काउंसिल बनाई थी जिसने पिछले शुक्रवार को एजेंसी में बड़े बदलावों का सुझाव दिया है। हैमिल्टन को इन सुधारों को लागू करने की चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
ये भी पढ़ें: Cyril Ramaphosa: फाला फाला विवाद में फंसे दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति, बोले- इस्तीफा नहीं दूंगा; चलेगा महाभियोग
TSA का नेतृत्व करने के लिए डेविड कमिंस नामित हुए
इसके साथ ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को डेविड कमिंस को ट्रांसपोर्टेशन सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (TSA) का नेतृत्व करने के लिए नामित किया। पिछले कुछ महीनों से यह एजेंसी काफी कठिन दौर से गुजर रही है। हाल ही में हुई देश की सबसे लंबी सरकारी तालाबंदी ने TSA की व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया है।
इस तालाबंदी की वजह से कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिला। इसके चलते हजारों कर्मचारी काम पर नहीं पहुंचे और सैकड़ों ने इस्तीफा दे दिया। हवाई अड्डों पर सुरक्षा जांच के लिए लंबी लाइनें लग गईं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई और कई लोगों की उड़ानें भी छूट गईं। इस संकट को लेकर राजनीतिक स्तर पर भी काफी आरोप-प्रत्यारोप हुए। फिलहाल हा गुयेन मैकनील इस एजेंसी का कामकाज देख रही हैं।
डेविड कमिंस के पास इस क्षेत्र का गहरा अनुभव है। वह सरकारी कामकाज देखने वाली कंपनी 'सेर्को' में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट रह चुके हैं। उनके पास परिवहन प्रणालियों से जुड़े 12 पेटेंट हैं। साथ ही, उन्होंने 2002 के विंटर ओलंपिक में ऑपरेशंस डायरेक्टर की भूमिका भी निभाई थी। अब कमिंस के सामने TSA की छवि सुधारने और व्यवस्था को मजबूत करने की चुनौती होगी।
अन्य वीडियो-