बांग्लादेश में सात जनवरी को होने वाले 12वें आम चुनाव से पहले भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) के तीन सदस्य ढाका पहुंचे हैं। वे अंतर्राष्ट्रीय चुनाव में सक्रिय रूप से भाग लेने वाले हैं। बांग्लादेश दूतावास के अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। दरअसल, भारतीय चुनाव आयोग के ये सदस्य अंतरराष्ट्रीय चुनाव पर्यवेक्षकों की टीम का हिस्सा बनकर ढाका पहुंचे हैं।
अधिकारी ने कहा, 'अंतर्राष्ट्रीय चुनाव पर्यवेक्षक के तौर पर भारत के चुनाव आयोग से तीन वरिष्ठ अधिकारी ढाका पहुंच चुके हैं।' चुनाव आयोग ने सात जनवरी को होने वाले आम चुनाव में शांतिपूर्ण प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए पूरी व्यवस्था कर ली है। बता दें कि तैयारियों के बावजूद विपक्षी पार्टी बीएनपी ने चुनाव का बहिष्कार करने का फैसला किया।
अंतरराष्ट्रीय चुनाव पर्यवेक्षक टीम पहुंची ढाका
बांग्लादेश में होने वाले इस आम चुनाव के लिए यूरोपियन संघ की अंतरराष्ट्रीय चुनाव विशेषज्ञों की टीमें भी ढाका पहुंच चुकी है, जिसमें विभिन्न देशों के कई विदेशी चुनाव पर्यवेक्षक शामिल है। अपने पहले प्रेस वार्ता में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा, 'चुनाव बांग्लादेश में है और यह उनका घरेलू मुद्दा है। यह वहां के लोगों पर है कि वह अपना भविष्य खुद तय करें।'
बांग्लादेश की स्थानीय मीडिया ने बताया कि सत्तारूढ़ पार्टी अवामी लीग चुनाव से पहले कॉमनवेल्थ चुनाव पर्यवेक्षकों के साथ शुक्रवार को बैठक की। कॉमनवेल्थ चुनाव पर्यवेक्षकों का स्वागत करते हुए सत्तारूढ़ पार्टी ने सात जनवरी को होने वाले चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
शेख हसीना की जनता से अपील
अवामी लीग की अध्यक्ष शेख हसीना ने गुरुवार को जनता से आम चुनाव में वोट डालकर उनकी पार्टी को चौथी बार सत्ता में लाने की अपील की। उन्होंने कहा, 'आज मैं चुनाव चिंह नाव पर वोट मांगने के लिए आपके सामने खड़ी हूं।'
अपने संबोधन के दौरान शेख हसीना ने कहा कि वह बांग्लादेश के विकास, लोगों के जीवनशैली को बेहतर बनाने और देश से भूखमरी एवं गरीबी को हटाने के लिए अगले पांच वर्षों तक फिर एकबार सत्ता में रहना चाहती है। बांग्लादेश के इस आम चुनाव में 30 देशों और 180 पर्यवेक्षकों की मौजूदगी देखी जाएगी।