ब्रिटेन की कार्यवाहक प्रधानमंत्री टेरीजा मे
- फोटो : PTI
ब्रिटेन की कार्यवाहक प्रधानमंत्री टेरीजा मे ने 10 डाउनिंग स्ट्रीट से दिए अपने अंतिम साक्षात्कार में कहा कि वह ब्रेग्जिट को मंजिल तक नहीं पहुंचा पाने से निराश जरूर हैं लेकिन उन्हें अपने कार्यकाल पर गर्व है।
टेरीजा ने भावुक होते हुए कहा कि वह यह नहीं समझ पाई कि ब्रेग्जिट को लेकर आखिर सांसदों ने उनका साथ क्यों नहीं दिया जबकि देश की जनता यह चाहती थी। मैंने उन्हें मनाने के लिए अपनी नौकरी तक दांव पर लगा दी, विपक्ष को साथ लाने की मैंने हर कोशिश की लेकिन अंत में विफल रही।
उनसे जब पूछा गया कि क्या वह ब्रेग्जिट नहीं होने की जिम्मेदारी लेती हैं तो टेरीजा ने कहा, नहीं। इसके लिए सांसद जिम्मेदार हैं जिन्होंने मेरी लाख कोशिशों के बाद इसे पूरा नहीं होने दिया। इसके खिलाफ वोट करने वाला हर शख्स जिम्मेदार है।
मुझे डायबिटीज हुई, फिर भी मैं नहीं रुकी
टेरीजा ने बताया कि उन्हें इस दौरान टाइप1 डायबिटीज भी हो गया था। जिस कारण उन्हें नियमित तौर पर इंजेक्शन लेना पड़ता है, फिर भी उन्होंने सेहत से जुड़ी समस्याओं को काम के आड़े नहीं आने दिया।