फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेरिका: नए जनगणना आंकड़ों का संदेश- डेमोक्रेटिक पार्टी को होगा नुकसान

Tue, 27 Apr 2021 07:41 PM IST
Harendra Chaudhary वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन

सार

कुक पॉलिटिकल रिपोर्ट्स के विशेषज्ञ डेव वाशरमैन वाशरमैन के आकलन के मुताबिक चुनाव क्षेत्र परिसीमन की इस प्रक्रिया के मुताबिक रिपब्लिकन पार्टी को लाभ होगा। उन्हें ज्यादा लाभ फ्लोरिडा, टेक्सास, नॉर्थ कैरोलाइना और जॉर्जिया राज्यों में होगा।
विज्ञापन
जो बाइडन (फाइल फोटो) - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिका में जनगणना के जारी अस्थायी आंकड़ों से देश में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की उभरती नई सूरत की झलक मिली है। जनगणना के स्थायी आंकड़े सितंबर में जारी होंगे। लेकिन अभी जारी आंकड़ों से ये संकेत मिला है कि 2022 के संसदीय चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए चुनौतियां बढ़ जाएंगी। उन तीन राज्यों से कांग्रेस (संसद) के निचले सदन- हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव के सदस्यों की संख्या घट जाएगी, जहां 2020 के चुनाव में उसे नई बढ़त मिलने के संकेत मिल रहे थे। ये राज्य अरिजोना, फ्लोरिडा और टेक्सास हैं, जहां हिस्पैनिक (स्पेनी भाषी) मतदाताओं की काफी संख्या है। ये मतदाता आम तौर पर डेमोक्रेटिक पार्टी का वोट आधार माने जाते हैं। इसके अलावा डेमोक्रेटिक पार्टी के गढ़ न्यूयॉर्क राज्य से भी अब एक कम सदस्य चुना जाएगा।

विज्ञापन


चुनाव समीकरणों का आकलन करने वाली संस्था कुक पॉलिटिकल रिपोर्ट्स के विशेषज्ञ डेव वाशरमैन के मुताबिक उन तीन राज्यों में सीटें घटने का मतलब हाउस के स्वरूप को तय करने में हिस्पैनिक मतदाता वर्ग की शक्ति घटना होगा। आव्रजन के कारण इस मतदाता वर्ग की संख्या अपेक्षाकृत तेजी से बढ़ रही है।

वाशरमैन ने वेबसाइट एक्सियोस.कॉम से कहा कि नए जनसंख्या आंकड़ों के मुताबिक हाउस की सात सीटें एक से दूसरे राज्य को मिल जाएंगी। हाउस में 435 सीटें हैं। हर दस साल पर होने वाली जनगणना के आंकड़ों के मुताबिक इस सदन की सीटों का राज्यों और उनके भीतर जिलों के बीच नए सिरे से बंटवारा होता है। वाशरमैन के मुताबिक 2021 की जनगणना के मुताबिक राज्यों के बीच सीटों का ज्यादा परिवर्तन तो नहीं हुआ है, लेकिन राज्यों के भीतर जिला आधारित चुनाव क्षेत्रों के स्वरूप में बड़ा बदलाव आएगा।
विज्ञापन


वाशरमैन के आकलन के मुताबिक चुनाव क्षेत्र परिसीमन की इस प्रक्रिया के मुताबिक रिपब्लिकन पार्टी को लाभ होगा। उन्हें ज्यादा लाभ फ्लोरिडा, टेक्सास, नॉर्थ कैरोलाइना और जॉर्जिया राज्यों में होगा। चुनाव क्षेत्र परिसीमन की प्रक्रिया के मुताबिक जिन राज्यों या जिलों की आबादी ज्यादा होती है, उन्हें ज्यादा सीटें मिल जाती हैं। इसका मतलब है कि उन राज्यों का राष्ट्रपति चुनाव के इलेक्टोरल कॉलेज में वजन भी बढ़ जाता है। साथ ही हाउस में किस पार्टी को बहुमत मिलेगा, इस पर भी इसका असर पड़ता है। फिलहाल, हाउस में डेमोक्रेटिक पार्टी का हल्का बहुमत है। सदन में उसे रिपब्लिकन पार्टी पर छह सीटों की बढ़त हासिल है।

जनगणना के अंतिम आंकड़े अमेरिका का जनगणना ब्यूरो 30 सितंबर को जारी करेगा। उसके लगभग ठीक एक साल बाद संसदीय चुनाव होंगे। अस्थायी आंकड़ों के आधार पर विशेषज्ञों ने अनुमान लगाया है कि फ्लोरिडा राज्य के मध्य में आने वाले इलाके को अब एक अतिरिक्त सीट मिलेगी। ये इलाका रिपब्लिकन पार्टी का गढ़ है।

न्यूयॉर्क राज्य की अब हाउस में एक सीट कम हो जाएगी। जानकारों का कहना है कि इस राज्य में कोरोना वायरस महामारी के कारण हुई ज्यादा मौतों के कारण इसे ये नुकसान हुआ है। न्यूयॉर्क डेमोक्रेटिक पार्टी का गढ़ है। लेकिन डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए अच्छी खबर कोलोराडो राज्य में उस इलाके में आबादी का बढ़ना है, जहां से वह सीट जीतती रही है। इस राज्य को इस इलाके में अब एक अतिरिक्त सीट मिलेगी।

जनगणना के अंतिम आंकड़े आने के बाद राज्य प्रशासन अपने यहां कांग्रेसनल जिलों यानी हाउस के चुनाव क्षेत्रों का परिसीमन शुरू करेंगे। आशंका है कि ये प्रक्रिया लंबी चलेगी, क्योंकि अक्सर राज्य प्रशासनों के फैसले को अदालतों में चुनौती दी जाती है। अमेरिकी कांग्रेस के ऊपरी सदन सीनेट में 100 सदस्य हैं। इस सदन में हर राज्य से दो सदस्य चुने जाते हैं, भले उनकी आबादी कितनी भी हो। इसलिए जनसंख्या में बदलाव का असर सिर्फ हाउस की सीटों और राष्ट्रपति चुनाव के इलेक्टोरल कॉलेज पर पड़ता है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें