थाईलैंड की खाड़ी में एक तेल रिग पर श्रमिकों ने किनारे से 220 किलोमीटर (135 मील) से अधिक दूरी पर तैरते हुए पहुंचे एक कुत्ते को बचा लिया है। समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, विटिसैक पायलाव नाम के व्यक्ति ने अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट साझा कर इस बात की जानकारी दी है। वह शेवरॉन थाईलैंड अन्वेषण और उत्पादन के कर्मचारी हैं।
व्यक्ति ने अपने फेसबुक पेज पर कहा कि कुत्ते को शुक्रवार को प्लेटफार्म की ओर तैरते हुए देखा गया था। उसने बताया कि चालक दल ने कुत्ते की गर्दन में रस्सी डालकर उसे बचाया है। इससे पहले चालक दल ने अनुमान लगाया कि वह (कुत्ता) मछली पकड़ने वाले ट्रॉलर से गिर सकता है। विटिसैक पायलाव के द्ववारा की गई इस फेसबुक पोस्ट को 30 हजार से ज्यादा लाइक, 3.9 हजार कमेंट्स और 10 हजार लोग शेयर कर चुके हैं।
बचावकर्मियों ने उसे 'बून रॉड' या 'सर्वाइवर' नाम दिया है। सोमवार को बचाए गए कुत्ते को सोंगखला के दक्षिणी बंदरगाह पर लाया गया। इसके बाद उसे पशु संरक्षण समूह वॉचडॉग थाईलैंड में भेज दिया गया है।