अमेरिका के टेक्सास राज्य के मिडलैंड शहर में शुक्रवार को हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं। समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, मिडलैंड के मेयर ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस फिलहाल संदिग्ध हमलावर को लेकर स्टैंडऑफ की स्थिति में है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिडलैंड शहर में शुक्रवार सुबह वेस्ट वॉल स्ट्रीट के 4600 ब्लॉक में हुई गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि नौ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मिडलैंड पुलिस के अनुसार, उन्हें एक इमारत से गोली चलने की सूचना मिली, जिसके बाद इलाके को घेर लिया गया।
पुलिस ने बख्तरबंद वाहनों को तैनात किया है। घटना स्थल के सबसे नजदीकी मिडलैंड मेमोरियल अस्पताल को कई घंटों तक लॉकडाउन में रखा गया। हालांकि, भारतीय समयानुसार रात 11:45 बजे मुख्य परिसर को फिर से खोल दिया गया, लेकिन आपातकालीन विभाग अब भी लॉकडाउन में है।
मिडलैंड प्रशासन ने बताया कि प्रभावित परिवारों के लिए मिडलैंड मेमोरियल अस्पताल के चैपल में एक फैमिली री-यूनिफिकेशन सेंटर स्थापित किया गया है। वहीं, कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए बिजनेस 20 मार्ग को लूप 250 और मिडलैंड ड्राइव के बीच बंद कर दिया गया है।