फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karachi Terrorist Attack: कराची में 'पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज' पर आतंकी हमला, 11 की मौत

Mon, 29 Jun 2020 11:37 AM IST
अनवर अंसारी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, कराची
विज्ञापन
Terrorists attack in Pakistan - फोटो : baloch twitter handle
विज्ञापन

पाकिस्तान के कराची शहर में स्थित 'पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज' पर सोमवार सुबह आतंकवादी हमला हुआ। इस हमले में 11 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, इस हमले में शामिल आतंकवादियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया है। बताया गया है कि इस हमले को चार आतंकवादियों ने अंजाम दिया। हमले में एक पुलिस अधिकारी और चार सुरक्षा गार्ड भी मारे गए हैं। वहीं तीन पुलिस कर्मियों समेत सात लोग इस हमले में घायल हुए हैं। 

विज्ञापन


पुलिस उपाधीक्षक (दक्षिण) जमील अहमद ने कहा कि इमारत के प्रवेश द्वार पर दो लोग आए और उन्होंने अंदर प्रवेश करने की कोशिश की। हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया, जिसके बाद उन्होंने सुरक्षा कर्मियों पर हैंड ग्रेनेड फेंक दिया। उन्होंने बताया कि हालांकि हमलावरों को ढेर कर दिया गया। साथ ही कहा कि आतंकी एक कार से पहुंच थें और अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस दौरान उन्होंने बहुमंजिला इमारत के मुख्य द्वार पर भी ग्रेनेड फेंके। यह सभी स्वचालित मशीनगनों, ग्रेनेड और विस्फोटकों से लैस थे।

पाकिस्तानी राष्ट्रपति आरिफ अल्वी और प्रधानमंत्री इमरान खान ने आतंकवादी हमले की निंदा की है। घटना पर उन्होंने कहा कि देश अपनी धरती से आतंकवाद को जड़ से मिटाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। बता दें कि बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) से जुड़े माजिद ब्रिगेड ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। वहीं आतंकवाद-रोधी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उग्रवादियों में से एक की पहचान सलमान के रूप में हुई, जो कि बलूचिस्तान प्रांत के रहने वाले हैं।
विज्ञापन


राष्ट्रपति अल्वी ने एक बयान में कहा कि आतंकवादी अपने नापाक मंसूबों में कभी कामयाब नहीं होंगे। वहीं प्रधानमंत्री इमरान खान ने भी हमले की निंदा की और कहा कि पूरे देश को सुरक्षा एजेंसियों के बहादुर कर्मियों पर गर्व है।




सिंध रेंजर्स ने कहा कि पुलिस और रेंजर्स अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने चारों हमलावरों को ढेर कर दिया। पुलिस ने कहा कि आतंकवादियों की हिरासत से उन्नत हथियार, हैंड ग्रेनेड और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। सुरक्षा बल पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज के बाहर खड़ी संदिग्ध कार की भी जांच कर रहे हैं।

बम निरोधक दस्ता भी घटनास्थल पर पहुंच गया है और हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई कार सहित किसी भी विस्फोटक सामग्री के लिए छानबीन कर रहा है। कराची के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक ने शहर भर के सभी महत्वपूर्ण कार्यालयों और व्यापारिक केंद्रों की सुरक्षा कड़ी करने का निर्देश दिया है।

लंबे समय तक घेराबंदी के इरादे से आए थे हमलावर
पुलिस सर्जन डॉ करार अहमद अब्बासी ने कहा कि सिविल अस्पताल कराची में पुलिस कर्मियों सहित कई शवों और कई घायलों को लाया गया है। घटनास्थल पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी रिजवान अहमद ने बताया कि हमलावरों के पास से खाने के पैकेट भी मिले हैं। इससे पता चलता है कि ये लंबे समय तक यहां घेराबंदी करने वाले थे। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी ने इसे जल्दी नाकाम कर दिया। वहीं, स्टॉक एक्सचेंज के अंदर, ब्रोकर याकूब मेमन ने बताया कि जब वह हमला कर रहे थे तब वह और अन्य लोग अपने कार्यालयों के अंदर थे।

हमले के दौरान भी नहीं रोकी गई ट्रेडिंग
पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज बोर्ड के चैयरमैन सुलेमान एस मेहंदी ने बताया कि हमले के दौरान एक मिनट के लिए भी ट्रेडिंग को नहीं रोका गया। उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि यह एक आतंकवादी हमला था।

मेहंदी ने कहा कि मैं सुरक्षा गार्डों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने अपनी सेवा के लिए शहादत को गले लगाया। पुलिस और सुरक्षा बलों की प्रतिक्रिया अविश्वसनीय थी। जब तक पुलिस नहीं आई, तब तक हमारे निजी गार्डों ने आतंकवादियों को भवन में प्रवेश नहीं करने दिया। 

विज्ञापन

आम दिनों में 6000 लोग होते हैं मौजूद

पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज के प्रबंध निदेशक फारूख खान ने इस हमले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और सुरक्षा बलों की तीव्र प्रतिक्रिया की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामान्य दिनों के मुकाबले आज इमारत में लोगों की संख्या कम थी। आम दिनों में यहां 6000 लोग मौजूद होते हैं।  

उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को प्रवेश द्वार के बाहर रोक दिया गया था और उनमें से केवल एक ने परिसर में प्रवेश किया था और वह भी केवल कुछ कदम अंदर आ पाया। खान ने कहा कि उनमें से कोई भी ट्रेडिंग हॉल या भवन में प्रवेश नहीं कर पाया।

आस पास के इलाके सील
पाकिस्तानी अखबार डॉन की खबर में बताया गया कि इमारत और आस-पास के इलाकों को सील कर दिया गया है और लोगों को पीछे के दरवाजे से निकाला गया है। जियो टीवी से बातचीत में कराची के महानिरीक्षक (आईजी) ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और सभी आतंकवादी मारे गए हैं।

उन्होंने बताया कि रेंजर और पुलिस अधिकारी इमारत में प्रवेश कर चुके हैं और तलाशी अभियान चला रहे हैं। अधिकारी के मुताबिक, खबरों की मानें तो हमलावरों ने ऐसे कपड़े पहने हुए थे जो आमतौर पर पुलिस वाले ड्यूटी पर नहीं रहने के दौरान पहनते हैं।

मुख्यमंत्री और गवर्नर ने हमले की निंदा की
सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने हमले की निंदा की और कहा कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा और अर्थव्यवस्था पर हमले के समान है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र विरोधी तत्व वायरस से उत्पन्न स्थिति का लाभ लेना चाहते हैं। 

सिंध प्रांत के गवर्नर इमरान इस्माइल ने घटना की निंदा की है। उन्होंने ट्विटर पर कहा कि पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज पर किए गए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। यह हमला आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई को कमजोर करने के लिए किया गया है। आईजी और सुरक्षा एजेंसियों को घटना को अंजाम देने वालों को जिंदा पकड़ने और उनके आकाओं को कड़ी सजा देने का निर्देश दिया गया। हम सिंध की हर कीमत पर रक्षा करेंगे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें