प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17-18 अगस्त तक भूटान के दौरे पर रहेंगे। उनकी इस यात्रा पर भूटान में भारतीय राजदूत रुचिरा कंबोज ने कहा कि प्रधानमंत्री की भूटान यात्रा को एक मजबूत भारत-भूटान साझेदारी के लिए एक निरंतरता के रूप में देखा जा सकता है। दोनों देशों के बीच दस समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे और पांच उद्घाटन भी होंगे।
कंबोज ने आगे कहा, इस यात्रा में जो भी पहल आप देख रहे हैं, वह प्रधानमंत्री मोदी के पिछले पांच वर्षों के दौरान किए गए परिश्रम का परिणाम है।
कंबोज ने आगे कहा, भूटान पूरे दिल से भारत की संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता का समर्थन करता है। भूटान ने ये भी कहा है कि ये एक विसंगति है कि भारत आज सुरक्षा परिषद में नहीं है, जबकि उसे होना चाहिए।
छात्रों को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री
भूटान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। अपने दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री भूटान की रॉयल यूनिवर्सिटी में छात्रों को संबोधित करेंगे। जिन समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे उनमें शिक्षा का क्षेत्र भी शामिल है।
कंबोज का कहना है, "प्रधानमंत्री के दौरे में सबसे अधिक ध्यान शिक्षा के क्षेत्र पर दिया जाएगा। भूटान की रॉयल यूनिवर्सिटी आईआईटी दिल्ली, बॉम्बे, कानपुर और एनआईआईटी सिल्चर के साथ चार समझौतों पर हस्ताक्षर करेगी। मुख्य विषयों में यह काफी सकारात्मक विकास है।"