पाकिस्तान में शनिवार को बड़ा धमाका हुआ है। बताया जा रहा है कि धमाका कराची के शेरशाह पारचा चौक इलाके की एक इमारत के नीचे नाले में हुआ है। धमाके में 16 लोगों की जान चली गई है। हादसे में 15 अन्य घायल हो गए। पाकिस्तानी मडिया के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआई ने यह जानकारी दी है।
मृतकों में सत्तारूढ़ पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के सदस्य आलमगीर खान के पिता भी शामिल हैं। एसएचओ जफर अली शाह ने कहा कि विस्फोट एक निजी बैंक के नीचे स्थित एक नाले में हुआ, जिसे परिसर खाली करने के लिए नोटिस दिया गया था ताकि नाले को साफ किया जा सके। विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) ने अपनी एक प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा है कि विस्फोट सीवरेज लाइन में गैस के निर्माण के कारण हुआ था। रिपोर्ट में एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि आतंकवाद रोधी अधिकारी भी विस्फोट की जांच कर रहे हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस के एक प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई सुराग नहीं मिला है जिससे लगता हो कि विस्फोट को आतंकवाद से जोड़ा जा सकता है। साथ ही रिपोर्ट में कहा गया है कि सुई दक्षिणी गैस कंपनी (एसएसजीसी) के मुताबिक क्षेत्र में कोई एसएसजीसी गैस पाइपलाइन नहीं थी।
आगे रिपोर्ट में कहा गया है कि इस बार का ध्यान रखना जरूरी है न तो आग की लपटें दिखाई दे रही थीं और न ही क्षेत्र में प्राकृतिक गैस की गंध आ रही थी। इससे संकेत मिलते हैं कि विस्फोट एसएसजीसी की किसी भी पाइपलाइन से जुड़ा नहीं है। विस्फोट के फुटेज में क्षतिग्रस्त वाहनों के साथ एक क्षतिग्रस्त इमारत और जमीन पर मलबा दिखाई दे रहा है